अंबाला। छावनी के रेलवे स्टेशन पर बुधवार को सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस तैनात कर दी। सुबह से ही जांच अभियान चला। यात्रियों के बैगों की स्नीफर डॉग से जांच कराई। इसके बाद शाम चार बजे रेलवे स्टेशन पर अचानक से सायरन बज गया।
इसके बाद सुरक्षाकर्मी सचेत हो गए। इसके बाद सुरक्षाकर्मी अपने-अपने तैनाती स्थल पर पहुंचे। इसके बाद स्टेशन पर यात्रियों को समझाया कि इस प्रकार का सायरन बजे तो घबराना नहीं है बल्कि भीड़ को छोड़कर खुली जगह में सिर नीचे करके लेटना है। इसके साथ ही रेलवे की सूचना प्रणाली से घोषणा भी की जा रही थी कि यह माॅकड्रिल है। किसी भी तरह की अफरा तफरी नहीं मचाएं।
दिनभर जांच करते नजर आए सुरक्षाकर्मी
आरपीएफ और जीआरपी ने पूरा दिन संयुक्त जांच अभियान चलाए रखा। अभियान के दौरान प्लेटफाॅर्म एक से लेकर सात पर बैठे यात्रियों के सामान की जांच की। रेलवे परिसर, पार्किंग, वेटिंग रूम और शौचालय को भी खंगाला। जीआरपी प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि जांच अभियान के दौरान यात्रियों को सुरक्षा के प्रति प्रेरित भी किया।
फोटो-13
स्टेशन पर पहुंचे तहसीलदार
शाम चार बजे आंशिक तौर पर बजने वाले हूटर के लिए छावनी के तहसीलदार और नायब तहसीलदार सुनील कुमार कैंट स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने यहां बिना बिजली के हूटर को बजाने के प्रबंध देखे। उन्होंने पूरी बिजली बंद करवाकर जनरेटर की मदद से हूटर को बजाकर देखा जोकि सही तौर पर काम करता हुआ नजर आया।