अंबाला। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के प्रयासों से जल्द छावनी की सड़कें करोड़ों रुपये की लागत से चकाचक होंगी। गृह मंत्री ने सड़कों की मरम्मत के लिए 44 करोड़ रुपये की राशि और मंजूर करवाई है। नगर परिषद के माध्यम से 44 करोड़ रुपये की लागत से 240 सड़कों, गलियों व अन्य छोटे-बड़े मरम्मत कार्य किए जाएंगे।
इससे पहले अन्य 19 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों की मरम्मत के लिए अलग से नगर परिषद द्वारा टेंडर लगाए जा चुके हैं। इस राशि को भी मंत्री विज ने ही मंजूर करवाया था। इनमें सदर क्षेत्र की सड़कों में आउटर लार्ज रोड, विभिन्न क्राॅस रोड, हिल रोड, शास्त्री कालोनी व अन्य सड़कों की मरम्मत होगी। इसके अलावा रामगढ़ माजरा से बोह रोड, इंदिरा पार्क पुलिया से विजय रतन चौक तक, कलरहेड़ी से टुंडला तक रोड सहित अन्य कई मरम्मत कार्य शामिल हैं। वहीं 25 करोड़ रुपये से पीडब्ल्यूडी सड़कों का निर्माण और मरम्मत के कार्य करेगा। सड़कों की मरम्मत के लिए गृह मंत्री ने नगर परिषद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि टेंडर व अन्य प्रक्रिया को नप अधिकारी जल्द पूरा करें, ताकि निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके।
12 क्राॅस रोड का हिस्सा बनेगा
गुड़गुड़िया नाले से ग्वाल मंडी तक 12 क्राॅस रोड का हिस्सा भी नया बनाया जाएगा। इस कार्य के लिए लगभग एक करोड़ रुपये की राशि को मंजूरी मिल चुकी है और इसके टेंडर भी नगर परिषद द्वारा लगा दिए गए हैं। अब यहां पहले से ज्यादा चौड़ी सड़क वाहन चालकों के लिए उपलब्ध होगी। वहीं सदर क्षेत्र में तीन करोड़ रुपये की लागत से डीसी रोड की मरम्मत व इसका सुदरीकरण होगा।
पीडब्ल्यूडी ने जारी किए टेंडर
कुछ समय पूर्व ही गृह मंत्री के प्रयासों से पीडब्ल्यूडी द्वारा भी छावनी विधानसभा की 23 सड़कों की मरम्मत के लिए 25 करोड़ रुपये की राशि मंजूर करवाई गई थी। इनमें से 18 सड़कों के टेंडर पीडब्ल्यूडी द्वारा अभी किए गए हैं। इस राशि से टांगरी बांध सड़क को चौड़ा व मरम्मत करने के अलावा तोपखाना-पंजोखरा साहिब रोड, गरनाला-बरनाला रोड, नारायणगढ़-गरनाला रोड आदि की मरम्मत शामिल है।