अंबाला। नए वार्ड 32 में जोड़े गए टांगरी सहित दूर-दराज के क्षेत्रों को अलग कर नजदीकी वार्ड के क्षेत्रों को शामिल किया गया है। वहीं जनसंख्या और क्षेत्रफल का विरोधाभास भी खत्म हो गया है। इसलिए वार्डबंदी के प्रस्ताव पर मुहर लग गई है। इसे मान्यता के लिए निकाय विभाग के मुख्यालय भेज दिया गया है, ताकि अंतिम अधिसूचना जारी हो सके। इसके बाद आपत्तियों को लेकर समय सारिणी और कार्रवाई होगी।
इस संबंध में विशेष बैठक वीरवार को छावनी नगर परिषद के कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता निगम आयुक्त संगीता तेतरवाल ने की। इस मौके पर छावनी के उपमंडल अधिकारी सतिंद्र सिवाच, नप के कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह सहित एडहॉक टीम की तरफ से राजीव गुप्ता, जसबीर सिंह जस्सी, सुरेश कुमार, ललिता प्रसाद व ओंकार नाथी मौजदू रहे। सभी ने निकाय विभाग द्वारा लगाई आपत्ति को दूर करने पर आपसी सहमति जताई। अधिसूचना जारी होने के बाद चुनावी हलचल तेज होने की उम्मीद है। वहीं यह भी सामने आया कि नए वार्ड के सृजन में कुछ दूर-दराज के क्षेत्रों को शामिल कर दिया गया था और इस कारण वार्ड बंदी के प्रस्ताव को निकाय मुख्यालय से मान्यता नहीं मिली थी।
सर्वे करवाकर तैयार किया प्रस्ताव
एडहॉक कमेटी के सदस्यों ने बताया कि नए वार्ड नंबर 32 को लेकर जो क्षेत्रफल व जनसंख्या का आंकड़ा तैयार किया गया था। वो परिवार पहचान पत्र के हिसाब से तालमेल नहीं खा रहा था, क्योंकि इसमें अलग-अलग पांच वार्ड के क्षेत्रों को शामिल किया गया था। वार्ड स्तर पर जाकर इसकी जांच की गई तो सामने आया कि जिन क्षेत्रों में कुछ परिवार रह रहे थे, वो अब दूसरे क्षेत्रों में स्थानांतरित हो चुके थे। उसकी वोट अभी भी सदर क्षेत्र में ही नजर आ रही थी।
नगर परिषद की आबादी 2,47,061
नगर परिषद की कुल जनसंख्या दो लाख 47 हजार 61 है। इसमें बीसी (पिछड़ा वर्ग) ब्लाक ए की आबादी 40 हजार 992 है। अंबाला सदर नप के ताजा निर्धारित 32 वार्डों में से सात वार्ड एससी (अनुसूचित जाति) के लिए आरक्षित होंगे। इनमें से तीन एससी महिला के लिए होंगे। इसी प्रकार बीसी (पिछड़ा वर्ग ) ब्लाक ए के लिए कुल तीन वार्ड आरक्षित होंगे। इनमें से एक वार्ड बीसी ए की महिला के लिए होगा। इसी प्रकार आरक्षित वर्ग की महिलाओं को मिलाकर कुल 11 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे।
बूथों के हिसाब से तैयार वार्ड
158 बूथों की जनगणना के आधार पर नए 32 वार्ड का सृजन किया था। वार्ड में 4598 वोटर हैं। इसमें अनुसूचित जाति के 2386 और पिछड़ी श्रेणी के 882 वोटर हैं। वहीं परिवार पहचान पत्र के हिसाब से तैयार किए नए वार्ड में जनसंख्या 5075 हैं। हालांकि इसमें कितने व्यस्क हैं, इसका आंकड़ा अलग है।
निकाय मुख्यालय द्वारा लगाई गई आपत्ति को दूर कर दिया गया है। वीरवार को नगर परिषद कार्यालय में हुई बैठक में निगम आयुक्त ने इसे स्वीकृति दे दी है। अब इसे मान्यता के लिए मुख्यालय भेजा गया है, ताकि जल्द से जल्द वार्ड बंदी से संबंधित अधिसूचना जारी हो सके।
-जरनैल सिंह, कार्यकारी अधिकारी, नप सदर।