अंबाला। पावन पर्व धनतेरस की संध्या पर अंबाला छावनी के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र रोशनी से पूरी तरह सराबोर नजर आए। त्योहार के स्वागत में छावनी के मुख्य बाजारों को आकर्षक रंग-बिरंगी लड़ियों, झालरों और आधुनिक लाइटों से विशेष रूप से सजाया गया, जिससे पूरा शहर दुल्हन की तरह सजा हुआ दिखाई दिया।
संध्या ढलते ही अंबाला छावनी का ऐतिहासिक सदर बाजार, निकलसन रोड, सौदागर बाजार, चौड़ा बाजार और हलवाई बाजार रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठे। दुकानदारों और व्यापार मंडलों द्वारा की गई शानदार सजावट ने बाजारों की रौनक में चार चांद लगा दिए। निकलसन रोड और सदर बाजार की लाइटों की खूबसूरत सजावट हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रही थी।
खरीदारी के साथ रोशनी देखने उमड़े लोग
धनतेरस की शाम खरीदारी के साथ-साथ बाजारों की जगमगाहट देखने के लिए भी शहरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। लोग अपने परिवारों के साथ सजे हुए बाजारों का लुत्फ उठाते और तस्वीरों में इस पल को कैद करते नजर आए। हलवाई बाजार और सौदागर बाजार में भी दुकानों पर लगीं झालरों की चमक ने त्योहार के उत्साह को कई गुना बढ़ा दिया। धनतेरस पर बाजारों की यह सजावट न केवल ग्राहकों का स्वागत करती है, बल्कि पूरे शहर में दीपोत्सव के पर्व की एक सकारात्मक और उल्लासपूर्ण ऊर्जा का संचार करती है।