अंबाला। रैना सभागार में कैंटोनमेंट बोर्ड का संस्कृति 2024 उत्सव होगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जानकारी देते हुए सीबीए के मुख्य अधिशासी अधिकारी राहुल आनंद शर्मा ने बताया कि यह उत्सव छह वर्ष बाद होगा जबकि यह प्रत्येक दो वर्ष बाद होता था। लेकिन कोरोना व अन्य कारणों से यह उत्सव वर्ष 2018 के बाद नहीं हो पाया था। अब यह दो दिवसीय उत्सव 22 नवंबर को आरंभ होगा और 23 नवंबर को इसका समापन होगा।
उत्सव के प्रथम दिन हरियाणा के उर्जा,परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहकर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इस मौेके पर प्रधान निदेशक, रक्षा संपदा, पश्चिमी कमान रक्षा मंत्रालय शोभा गुप्ता विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगी। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और मुख्य व वशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। संस्कृति 2024 उत्सव में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं की प्रस्तुति होगी।
दूसरे दिन 23 नवंबर को कार्यक्रम का समापन शाम 4 बजे किया जाएगा। इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर महानिदेशक रक्षा संपदा, रक्षा मंत्रालय जीएस राजेस्वरन मुख्य अतिथि और प्रधान निदेशक पश्चिमी कमान शोभा गुप्ता विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।
इस उत्सव में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियाें की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए बोर्ड के 100 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी ताकि बच्चों सहित अन्य पदाधिकारियों व प्रबंधन समिति सदस्यों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान मेडिकल और सुरक्षा का भी विशेष प्रबंध रहेगा।
बोर्ड के सीईओ ने बताया कि पश्चिमी कमान के अधीन 12 कैंटोनमेंट बोर्ड इस सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बनेंगे। इन बोर्ड के अधीन स्कूलों के 500 बच्चे सांस्कृतिक उत्सव में अपनी प्रतिभा का मंचन करेंगे। इसमें अंबाला कैंटोनमेंट बोर्ड के अलावा अमृतसर, बकलौह, डगशई, डलहौसी, दिल्ली, फिरोजपुर, जालंधर, जटोग, कसौली आदि के पदाधिकारी और स्कूल के बच्चे सहभागिता करेंगे।