अंबाला। कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला-जगाधरी मार्ग पर वाणिज्यिक इमारत का निर्माण करेगा। यह निर्माण बोर्ड के अधीन ग्रेस पैलेस के नजदीक किया जाएगा। यहां दुकानों सहित शोरूम और होटल निर्माण की भी योजना तैयार की जा रही है।
इस नई इमारत पर लगभग 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। महेशनगर में ग्रेस पैलेस के पास काफी जगह बोर्ड के अधीन है। मौजूदा समय में यह जगह खंडहर में तब्दील होती जा रही है और इसके बाहर चाय की रेहड़ी और ट्राॅलियां खड़ी हो रही हैं जोकि कभी भी हादसे का कारण बन सकती है। वहीं खाली जगह पर अतिक्रमण भी कर लिया गया है। हालांकि कैंटोनमेंट बोर्ड ने लोहे की जाली लगाकर खंडहर इमारत को कब्जे में लेने की योजना पहले ही बनाई हुई है।
अभी अतिक्रमण की जद में है जमीन
ग्रेस पैलेस के साथ खाली जगह पर कुछ लोगों ने कब्जा किया है। इसे कब्जे को हटाने के बाद ही आगामी प्रक्रिया शुरु की जाएगी। इसकी तैयारी भी बोर्ड प्रबंधन ने शुरु कर दी है ताकि अवैध अतिक्रमण को हटाते ही वाणिज्यिक इमारत के निर्माण की कार्रवाई शुरु की जा सके।
शॉपिंग काॅम्प्लेक्स बनने से मिलेगी सुविधा
कैंटोनमेंट बोर्ड की ओर से तैयार की जाने वाली इमारत में शॉपिंग काॅम्प्लेक्स की सुविधा भी मिलेगी ताकि स्थानीय निवासियों को खाद्य पदार्थों सहित अन्य सामान भी आसानी से उपलब्ध हो सके। इमारत के निर्माण के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए भी जगह का निर्धारण किया जाएगा ताकि हाइवे पर जाम की स्थिति पैदा न हो।
भगत सिंह सहित आनंद मार्केट का निर्माण जारी
कैंटोनमेंट बोर्ड ने अंबाला छावनी के कैपिटल चौक के नजदीक भगत सिंह मार्केट के नवनिर्माण का कार्य शुरु किया हुआ है। यहां नीचे दुकानें तो ऊपर शोरूम बनाए जा रहे हैं। इससे स्थानीय दुकानदारों को काफी राहत मिलेगी। पहले उन्हें दीवारों के गिरने का डर सता रहा था और वो दुकानों के नवनिर्माण को लेकर लगातार बोर्ड के सीईओ से मुलाकात कर रहे थे। इसी प्रकार रेलवे कॉलोनी में बरसों पुरानी आनंद मार्केट का भी नवनिर्माण किया जा रहा है ताकि यहां के लोगों को भी मूलभूत सुविधाएं बिना किसी परेशानी के उपलब्ध करवाई जा सकें।
वर्जन
बोर्ड के अधीन खाली पड़ी जमीन पर वाणिज्यिक इमारत के निर्माण की योजना तैयार की जा रही है ताकि अंबाला छावनी के लोगों को सुविधा मिल सके। इसी प्रकार कुछ पुरानी मार्केट का भी नवनिर्माण किया जा रहा है। वहीं बोर्ड में कुछ अन्य विकास कार्याें की भी योजना तैयार की जा रही है।
राहुल आनंद शर्मा, मुख्य अधिशासी अधिकारी, कैंट बोर्ड।