अंबाला। अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर धुंध के चलते पंजाब की प्राइवेट बस को पीछे से कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में बस में बैठी सवारियां बाल-बाल बच गईं। यह हादसा थाना पड़ाव के सामने पुल पर हुआ। हादसे के बाद गाड़ियों का लंबा जाम लग गया। इसके बाद बस और कैंटर क्षतिग्रस्त हो गए। बताया जाता है कि बस वृंदावन से राजपुरा जा रही थी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना पड़ाव पुलिस ने क्रेन की सहायता से जाम खुलवाया। कैंटर चालक गौरव ने बताया कि वह यूपी के अलीगढ़ का निवासी है। बुधवार को उसने अपने कैंटर में दिल्ली से सरिया लोड करवाया था। वह सरिया लेकर लुधियाना जा रहा था। जैसे ही वह वीरवार की सुबह साढे़ आठ बजे दिल्ली-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना पड़ाव के सामने पुल पर पहुंचा तो सामने चल रही पंजाब नंबर की प्राइवेट बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए।
इस कारण कैंटर का संतुलन बिगड़ गया और कैंटर प्राइवेट में जा घुसा। बस का पिछला शीशा टूट गया और बस में बैठी सवारियां बाल बाल बच गई। इसी के साथ कैंटर भी क्षतिग्रस्त होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। देखते ही देखते राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया।
बस के आगे कार चालक ने लगाई थी ब्रेक
प्राइवेट बस चालक राजू ने बताया कि उसकी बस वृंदावन से राजपुरा आ रही थी। जब बस थाना पड़ाव के सामने पुल पर पहुंची तो धुंध के दौरान बस के आगे चल रहे कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। जिसके कारण बस चालक को भी अचानक ब्रेक लगाने पड़े। तभी पीछे से आ रहा कैंटर बस में जा घुसा।
धुंध के कारण सुबह पुल पर हादसा हुआ। इस हादसे में किसी भी सवारी को चोट नहीं आई। क्रेन की सहायता से कैंटर को साइड में करवा दिया गया।
-इंस्पेक्टर दिलीप सिंह, थाना पड़ाव, अंबाला छावनी।