- श्रद्धालु बोले- जब पर पड़ रहा भार, विभाग का दावा- नहीं मिल रहे यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। खाटू श्याम के भक्ताें को अंबाला डिपो से निराशा हाथ लग रही है। दो साल पहले रोडवेज ने अंबाला से खाटू श्याम की बस सेवा शुरू की थी। इस बस में 530 रुपये किराये के लगते थे। मगर 15 दिन बस चलाने के बाद ही विभाग ने इस सेवा को बंद कर दिया था। विभाग ने तर्क दिया था कि इस रूट पर सवारियां नहीं मिल रही हैं।
अब दो साल बाद भी यह रूट शुरू नहीं किया जा सका है। अब विभागीय अधिकारी तर्क दे रहे हैं कि उनके पास कर्मचारी नहीं है इसलिए बस सेवा शुरू नहीं हो सकती है। इन सब के बीच प्रत्येक एकादशी और अन्य विशेष समय में जाने वाले यात्रियाें को काफी तकलीफ उठानी पड़ रही है। रोडवेज जीएम अश्वनी डोगरा ने बताया कि इसकी जानकारी ली जाएगी। यात्रियों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
मंहगा किराया और दूसरी डिपो पर निर्भरता
इस बस सेवा के बंद होने का सीधा असर श्रद्धालुओं की जेब पर पड़ रहा है। खाटू श्याम जाने के लिए टैक्सी संचालक तीन दिन के 15 हजार रुपये तक ले रहे हैं। वहीं चंडीगढ़ की बस अंबाला शहर से खाटू श्याम जा रही है, जिसका किराया करीब 850 रुपये है। वर्तमान में अंबाला से डिपो की एक भी बस खाटू श्याम नहीं जा रही है। शुरुआती दौर में चलाई गई बस सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शनिवार को अंबाला कैंट बस स्टैंड से खाटू धाम के लिए रवाना होती थी। भक्तों में इसे लेकर भारी उत्साह था और बस पूरी क्षमता के साथ चलती थी। छावनी के महेश नगर निवासी अनिल कुमार ने बताया कि दो साल पहले जब रोडवेज की बस शुरू हुई थी, तो कम खर्च में बाबा के दर्शन हो जाते थे। अब बस बंद होने से उन्हें निजी बसों या अपनी गाड़ी का सहारा लेना पड़ता है। जो बहुत महंगा पड़ता है।