मुलाना। बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे बजाने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए मुलाना थाना प्रभारी बलकार सिंह ने मंगलवार शाम दोसड़का में नाकाबंदी की। इस दौरान उन्होंने मोटरसाइकिल से पटाखे बजाने वालों की जांच की। चैकिंग के दौरान एक बाइक चालक की बाइक के साइलेंसर से पटाखे की आवाज आई। मोटरसाइकिल मालिक ने साइलेंसर से छेड़छाड़ की हुई थी । थाना प्रभारी बलकार सिंह ने उस मोटरसाइकिल को जब्त किया । बलकार सिंह ने बताया कि पुलिस एक विशेष अभियान भी चलाएगी। जिसमें मुख्य बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी रखी जाएगी। इस तरह की हरकतें न केवल आम जनता के लिए परेशानी का कारण बनती हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा साबित हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति मोटरसाइकिल से पटाखे बजाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद