- कालपी गांव के पशु बाड़ों में घुसे चार नकाबपोश बदमाश, डंडे और गंडासी से किया हमला
- डिवाइडर से टकराया कैंटर तो रास्ते में छोड़कर भाग निकले
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कालपी गांव में वीरवार रात भैंस चोरी करने आए 3 से 4 नकाबपोश बदमाशों ने डंडे व गंडासी से वार कर पशुपालक जय दयाल (52) की हत्या कर दी और दो भैंस चोरी कर लिए। इसके बाद बदमाशों ने दूसरे बाड़े में पशु चोरी करते पकड़े जाने पर बुजुर्ग राम रत्न पर डंडे व गंडासी से 10 वार कर दिए।
हालांकि जैसे ही आरोपी कैंटर में दो भैंस लेकर भागने लगे तो कुछ दूर कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। इसके बाद रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश कैंटर छोड़कर भाग गए। मुलाना थाना पुलिस ने घायल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी है।
रात एक बजे बाड़े में घुसे बदमाश
कालपी गांव निवासी राम रत्न (70) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह पशुओं की देखभाल के लिए बाड़े में सो रहे थे। वीरवार रात करीब 1 बजे बाड़े का गेट खुलने की आवाज आई। जब बाहर निकलकर देखा तो कुछ युवक उनकी भैंसों को खोल रहे थे। विरोध करने पर बदमाशों ने गंडासी व डंडों से हमला कर दिया। उनके सिर, माथे, टांगों, उंगलियां व कंधे पर गंभीर चोटें पहुंचाईं।
हमलावर से छीनी गंडासी
घायल राम रत्न ने बताया कि शोर मचाने पर उनका भाई रामेश्वर जग गया। जैसे ही वह बाहर आया तो बदमाश सड़क पर खड़े कैंटर की ओर भागने लगे। तभी चोटिल होने के बावजूद हमलावर से छीनी हुई गंडासी भागते हुए कैंटर पर मारी थी। कैंटर के ड्राइवर साइड का शीशा तो टूट गया लेकिन बदमाश पहले से लोड दो भैंस लेकर भाग गए। बाद में पता चला कि कैंटर में लदी भैंस पड़ोसी जय दयाल की थीं। बाढ़े में जाकर देखा तो जय दयाल खून से सना पड़ा था। बाद में आरोपी कैंटर व भैंस छोड़कर भाग गए थे। सूचना पाकर जांच एजेंसियां सहित डीएसपी बराड़ा सुरेश मौके पर पहुंचे।
गश्त बढ़ाने की मांग
भाग रहे बदमाशों की गाड़ी अगले ही गांव ब्राह्मण माजरा मोड़ के पास डिवाइडर से टकरा गई। कैंटर से शीशे टूटने के कारण बदमाश कैंटर को ही छोड़कर भाग गए। पुलिस ने दोनों भैंसों को बाहर निकालने के बाद कैंटर को कब्जे में ले लिया। डीएसपी सुरेश ने बताया कि कैंटर का नंबर किसी और के नाम था। पता चला है कि बदमाशों ने यह कैंटर नारायणगढ़ से चोरी किया था व उसी में वारदात कर रहे थे। इस वारदात के बाद ग्रामीणों ने रोष जताया। सरपंच रिंकू ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है। कालपी गांव की फिरनी पर बाड़े बने हुए हैं व परिवार गांव में भीतर रहता है। जय दयाल व राम रत्न अपने पशुओं की देखभाल के लिए बाड़े में ही सोते थे।
कालपी गांव में भैंस चोरों द्वारा किए गए हमले में घायल बुजुर्ग रामरत्न: संवाद
कालपी गांव में भैंस चोरों द्वारा किए गए हमले में घायल बुजुर्ग रामरत्न: संवाद
कालपी गांव में भैंस चोरों द्वारा किए गए हमले में घायल बुजुर्ग रामरत्न: संवाद
कालपी गांव में भैंस चोरों द्वारा किए गए हमले में घायल बुजुर्ग रामरत्न: संवाद
कालपी गांव में भैंस चोरों द्वारा किए गए हमले में घायल बुजुर्ग रामरत्न: संवाद