अंबाला सिटी। मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना के लिए जिला महिला और बाल विकास विभाग को 22 लाख रुपए का बजट जारी हो गया है। इसके तहत लाभार्थियों को एक मुश्त में सहायता राशि दी जाएगी।
इस योजना के तहत दूसरी संतान पैदा होने के बाद भी आवेदन किया जा सकता है। गौरतलब है कि इससे पहले केंद्र सरकार की ओर से पहली संतान बेटी होने पर पांच हजार रुपए की सहायता राशि दी जाती है। यह राशि संतान पैदा होने से पहले और बाद में तीन किस्तों में दी जाती है।
अब तक आए 679 आवेदन
सरकार की ओर से विभाग को 22 लाख रुपए का बजट जारी हुआ है। इस योजना के तहत जिले में 2213 माताओं को लाभ मिलेगा।लेकिन विभाग के पास अभी तक 679 आवेदन आए है। जिनमें से 272 लाभार्थियों को इस योजना के तहत सहायता राशि भेज दी गई है। अन्य लाभार्थियों को भी इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। विभाग की ओर से 31 मार्च तक इस बजट को खर्च किया जाना है।जिसके लिए विभाग ने कार्यवाही शुरू कर दी है।
इन्हें मिलेगा लाभ
अनुसूचित जाति एवं जनजाति की महिलाएं, आंशिक रूप से 40 प्रतिशत या पूर्ण रूप से दिव्यांग महिलाएं, बीपीएल राशन कार्डधारक महिलाएं, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की लाभार्थी महिलाएं, ई-श्रम कार्डधारक महिलाएं, किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभार्थी किसान महिलाओं, आठ लाख रुपये वार्षिक से कम पारिवारिक आय वाली महिलाओं, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायक और आशा वर्करों को इस योजना के तहत लाभ दिया जाएगा।
वर्जन
विभाग को 22 लाख रुपए का बजट जारी हुआ है। जिसके बाद लाभार्थियों को राशि सीधा उनके खातों में भेजी जा रही है। जिसके लिए विभाग की कार्यवाही हो रही है।
मिक्सा रंगा, जिला कार्यक्रम अधिकारी