रामबाग रोड स्थित माया वाला चौक पर किराना दुकान में टूटे ताले दिखाते हुए दुकान मालिक
अंबाला। रामबाग रोड स्थित माया वाला चौक पर सोमवार अलसुबह किराना दुकान में चोर चोरी की नियत से घुस गए। जैसे ही पड़ोसियों से सूचना मिलने पर दुकान मालिक दोनों भाई पहुंचे और दोनों चोरों को काबू किया तो वह चाकू से हमला कर फरार हो गए। इस बीच दुकान मालिक मोहित व रोहित भी चोटिल हो गए। उपचार के लिए छावनी नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मोहित की बाजू हुए गहरे घाव को देखते हुए 14 टांके लगाए। अंबाला कैंट थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो चोरों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। उधर, पुलिस ने चोरों की तलाश के लिए छापामारी शुरू कर दी है। यह वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई।
घायल बोला- चार साल में तीन बार चोरी
शिकायतकर्ता मोहित सूरी ने बताया कि उनकी माया वाला चौक पर ही सालों पुरानी किराना दुकान है। रोजाना की तरह वह रविवार रात के समय दुकान बंद करके गए थे। रविवार सुबह करीब सवा 4 बजे पड़ोसी का फोन आया कि दुकान में कोई घुसा हुआ है। जैसे ही वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है और भीतर दो चोर थे। पहले तो दोनों ही चोरों को काबू कर लिया था लेकिन उनके पास हथियार से वह अंजान थे। देखते ही देखते एक चोर ने अंधेरे में रॉड से हमला कर दिया और वो उन्हें न लगकर दूसरे चोर को लग गई थी। इसी बीच दूसरे चोर ने दोनों भाईयों पर चाकुओं से हमला कर दिया और वो दोनों चोर मौके से फरार हो गए। चाकू उसकी बाजू में लगा और वह काफी खून बहने लगा। जबकि दूसरे भाई के भी चाकू लगा था लेकिन उसे कम चोट आई है। शिकायतकर्ता मोहित ने बताया कि 4 साल में पहले तीन बार चोरी हो चुकी है और अब प्रयास किया गया था।
वर्जन
चोरी के इरादे से दुकान में घुसे चोरों ने दुकानदार पर हमला कर दिया था। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही चोरों को काबू कर लिया जाएगा।
इंस्पेक्टर नरेश, थाना प्रभारी, अंबाला कैंट