अंबाला। साईं का बाग स्थित घर में घुसकर ईंट पत्थर से हमला कर सामान के साथ तोड़फोड़ करने व परिवार पर हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। मामले में पड़ाव पुलिस ने 18 आरोपियों के खिलाफ मारपीट व तोड़फोड़ की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
आरोपियों का पीड़ित महिला के बेटे के दोस्त से कुत्ते पर बाइक चढ़ने को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद आरोपी ने पीड़ित महिला के बेटे और उसके दोस्त के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित महिला ने आरोपी को समझाकर घर भेज दिया। इसके कुछ देर बाद आरोपी अपने दो दर्जन से अधिक साथियों के साथ महिला के घर आ धमका। जहां उसने पत्थरों से हमला कर दिया। आरोपियों ने घर में रखी वॉशिंग मशीन, तीन बाइकें, एक्टिवा व अन्य सामान को तोड़ कर फरार हो गए।
थाना पड़ाव पुलिस को दी शिकायत में गांव साईं का बाग निवासी सरोज देवी ने बताया कि आठ मार्च को विकास ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला के बेटे सत्यम के साथ मारपीट की। इसके कुछ देर बाद विकास करीब 20 से 25 दोस्तों कश्मीर चंद, अशोक कुमार, याम, मेसी मोटा, राजू बरुण, विकी, हर्ष,जट, सोनू गुच्छ और सम्मी नाई, भाई वारी, गुलजार, विशाल, सूरज सेठी, पंकज आदि को लेकर महिला उसके घर पहुंचा। सभी ने ईंट पत्थरों से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस हमले में सरोज, फूलचंद, सत्यम और शेर सिंह घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।