अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के यूटीएस काउंटर पर चेकिंग करता बम डिस्पोजल स्कवाड। संवाद
अंबाला। चंडीगढ़ स्टेशन पर मिले धमकी भरे पत्र के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्कता बरत रही हैं। इसी कड़ी में बुधवार को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
इसमें बम निरोधक दस्ते के साथ जीआरपी और आरपीएफ की टीमें भी मौजूद रहीं। सुबह लगभग 11 बजे शुरु हुआ यह चेकिंग अभियान दोपहर डेढ़ बजे तक जारी रहा। इस दौरान टीमों ने रेलवे परिसर, पार्किंग, यूटीएस काउंटर, विश्रामालय, प्लेटफार्म और डस्टबिन को मेटल डिटेक्टर और डॉग स्कवाड की मदद से खंगाला।
इसके बाद सभी एजेंसियों की तरफ से एक विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की गई। रिपोर्ट के तहत अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन की सुरक्षा में कई खामियां पाई गई हैं। इसमें सबसे बड़ी खामी यूटीएस काउंटर के नजदीक लगे एकमात्र लगेज स्कैनर को लेकर सामने आई जोकि पिछले लगभग सात माह से खराब पड़ा हुआ है। इसी प्रकार रेलवे परिसर में तीन पार्किंग हैं, लेकिन दो पार्किंग में ही एक-एक कैमरा लगा हुआ है।
इसके अलावा सीसीटीवी और आग से निपटने के उचित इंतजाम पाए गए। इस मौके पर मौजूद जीआरपी प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर मिले धमकी भरे पत्र के बाद अंबाला कैंट स्टेशन पर लगातार चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बम डिस्पोजल स्कवाड के दस्ते ने स्टेशन पर जांच की है। कुछ खामियां मिली हैं। इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी जाएगी ताकि समस्या का समय रहते समाधान हो सके।