अंबाला में सरगोधा बिरादरी जिला अंबाला ने बुधवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर शहर के सिनेमाघरों में प्रसारित की जा रही बॉलीवुड फिल्म ‘ग्रैंड मस्ती’ पर रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से कहा गया है कि फिल्म में अश्लील संवादों और अश्लील दृश्यों की भरमार है। सरगोधा बिरादरी के प्रधान एडवोकेट संदीप सचदेवा ने कहा कि इस प्रकार की फिल्मों से आज समाज में अश्लीलता को बढ़ावा मिल रहा है। युवा समाज भटक रहा है तथा अपने जीवन स्तर को गिराता हुआ अनैतिक कार्यों की तरफ बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्मों की वजह से ही युवा वर्ग में विकृत मानसिकता पैदा हो रही है और समाज में दुराचार जैसे अपराधों को बढ़ावा मिल रहा है। सरगोधा बिरादरी ने उपायुक्त से मांग की कि नारी शक्ति की मान मर्यादा को ध्यान में रखते हुए फिल्म के प्रसारण पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाई जाए।
इस अवसर पर राजिंद्र बजाज, रविंद्र सचदेवा, पवन चुघ, अरुण मेहंदीरत्ता, संजय खेड़ा, सुरेंद्र साहनी, संदीप गुलाटी, मुरारी लाल, कवल आहुजा, रानी विज, हरीश मदान, विपिन चोपड़ा, सन्नी, सोनू धवन, कवल थापर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।