अंबाला सिटी के गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब में लगाए रक्तदान शिविर के दौरान गणमान्य को सम्मानित
अंबाला। धन-धन श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व और श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी महाराज के 350 साला शहीदी दिवस को समर्पित रक्तदान शिविर का आयोजन शनिवार को अंबाला सिटी के गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब में किया गया। शिविर का आयोजन श्री गुरु हरगोबिंद साहिब सेवा सोसायटी और हेमकुंड साहिब यात्रा जत्था के सहयोग से लगाया गया। शिविर में 50 से अधिक लोगों ने रक्तदान करके पुण्य कमाया। इस मौके पर मौजूद सोसायटी के प्रधान व पूर्व एचएसजीएमसी सदस्य टीपी सिंह ने बताया कि रक्तदान शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित किया गया। इसमें भूपेंद्र सिंह चड्डा, जेजे सिंह, कंवलजीत सिंह, सुमित खुराना, हरप्रीत सिंह और महिला विंग की प्रभारी कुलविंदर सिंह ने पूर्ण सहयोग दिया। इस मौके पर एक नई एंबुलेंस भी संगत की सेवा में समर्पित की गई। टीपी सिंह ने बताया कि मोहन होम्यो से डॉ. सरोज बाला व संगत के सहयोग से यह एंबुलेंस संगत की सेवा करेगी। एचएसजीएमसी के पूर्व उपाध्यक्ष सुदर्शन सिंह सहगल ने नई एंबुलेंस की चाबी चालक कृष्ण कुमार को सौंपकर इस सेवा की शुरुआत की। इस मौके पर एचएसजीएमसी अंबाला से सदस्य गुरतेज सिंह, कार्यकारी सदस्य रूपिंद्र सिंह पंजोखरा साहिब, मार्केट कमेटी के चेयरमैन जसविंद्र सिंह उगाड़ा, बलदेव सिंह कायमपुरी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।