अंबाला। महेशनगर पुलिस ने जुनेजा अस्पताल के बाहर जीटी रोड से बाइक चोरी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी गुरजीत सिंह (निवासी करधान) को गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि सादिकपुर निवासी अभिषेक की शिकायत पर 21 सितंबद को प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी से चोरी की बाइक बरामद कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। संवाद
मंदिर में चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर
अंबाला सिटी। थाना नग्गल पुलिस ने हसनपुर गांव स्थित मंदिर की ग्रिल तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नग्गल निवासी सनप्रीत सिंह उर्फ सन्नी और विशाल है। जांच अधिकारी जनकराज के अनुसार, गांव निवासी जयप्रकाश ने 19 अगस्त को मंदिर से बैटरी, इन्वर्टर और दानपात्र से नकदी चोरी होने की शिकायत दी थी। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों को काबू किया। अदालत में पेश कर आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। संवाद
ई-रिक्शा की बैटरियां चोरी करने के आरोपी पकड़े
अंबाला सिटी। थाना सिटी पुलिस ने ई-रिक्शा की बैटरियां चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बादशाही बाग निवासी योगेश उर्फ अमन को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था। पूछताछ में उसके साथी अमनदीप उर्फ सागर (निवासी बादशाही बाग) का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता मुकेश कुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने चोरी की बैटरियां बरामद कर दोनों आरोपियों को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है। संवाद
बाइक चोरी का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
नारायणगढ़। पुलिस ने बाइक चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।आरोपी यमुनानगर के काठवाला गांव का परमिंदर सिंह है। जांच अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि जशनजीत सिंह की शिकायत पर 20 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपी ने 18/19 सितंबर की रात अर्जुन चक्की के पास से बाइक चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि पूछताछ कर बाइक बरामद की जा सके। संवाद