मुलाना। रिश्तेदारी से बाइक पर घर वापस लौट रहे व्यक्ति को गांव झाडूमाजरा के निकट कार ने कुचल दिया। सिर पर गहरी चोटें लगने के कारण गांव भुखड़ी निवासी जसवंत सिंह की कुछ समय बाद मौत हो गई। लोगों की भीड़ जमा होते देखकर कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव भुखड़ी निवासी नरेंद्र कुमार ने बताया कि वह शाम को मुलाना में था और उसका चाचा जसवंत सिंह गांव कुलपुर गए हुए थे। बुधवार रात को फोन पर जसवंत सिंह ने कहा था कि वह घर लौट रहा है। चाचा के मुलाना पहुंचने के बाद दोनों गांव की ओर बाइक पर रवाना हुए थे। उसका चाचा आगे-आगे बाइक पर चल रहा था। इस दौरान सैनी स्वीट्स से पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वे उन्हें मुलाना मेडिकल कॉलेज में ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।