अंबाला सिटी। कालका चौक पर तेज रफ्तार निजी कॉलेज की बस ने बाइक चालक को कुचल दिया। हादसे में कृष्णा कॉलोनी निवासी सौरभ की मौत हो गई। बस चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेज की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव का नागरिक अस्पताल शहर में पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के जीजा ललित ने बताया कि वह कालका चौक के पास था। बाइक सवार सौरभ सिटी की तरफ मुड़ने लगा तो अचानक तेज रफ्तार निजी कॉलेज की बस में टक्कर मार दी। बस का अगला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। राहगीरों की मदद से उसने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लोगों ने बस चालक को मौके पर ही दबोच लिया। जिसकी पहचान बीसी बाजार के डेरा बस्सी निवासी दविंदर के रूप में हुई। हादसे में जान गंवाने वाला सौरभ अपने परिवार का इकलौता बेटा था।