अंबाला सिटी। सीबीएसई ने शुक्रवार सुबह 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। परिणाम आते ही स्कूलों में विद्यार्थी पहुंच गए। स्कूलों में विद्यार्थियों ने बेहतरीन परिणाम आने पर ढोल की थाप पर भांगड़ा किया। प्रिंसिपल ने भी विद्यार्थियों का परिणाम बेहतरीन होने पर मुंह मीठा करवाकर उन्हें बधाई दी।
12वीं में कॉमर्स संकाय में कान्वेंट ऑफ जीसस मैरी की लिवरूप कौर गिल ने 98.2 प्रतिशत, नॉन मेडिकल में आर्मी पब्लिक स्कूल की प्रगति सेजवार ने 98.2 प्रतिशत, मेडिकल में आर्मी पब्लिक स्कूल कैंट के समन्यु डिमरी ने 97.2 प्रतिशत और ऑटर्स में पीकेआर जैन पब्लिक स्कूल की मिनिशा ने 97 प्रतिशत अंक लिए। परिणाम में अव्वल आने पर विद्यार्थियों ने मेहनत के बारे में बातचीत की। वहीं, जिले की बात करें तो 12वीं में 7126 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
कॉमर्स : स्कूल में जो पढ़ा उसे रिवाइज किया
कॉन्वेंट ऑफ जीसस मैरी कैंट की लिवरूप कौर गिल ने बिजनेस स्टडी में 100, अकाउंटेंसी में 98, आईटी में 97, इंग्लिश में 99, इकोनोमिक्स में 97 अंक लिए। लिवरूप ने बताया कि उनके पिता हरमनदीप सिंह गिल एडवोकेट हैं और मां सुखबीर कौर डॉक्टर हैं। वह बीबीए करेगी। इसके बाद वह अपनी स्टार्टअप कंपनी शुरू करना चाहती है। उसने स्पेशल ट्यूशन नहीं लगाई बल्कि सेल्फ स्टडी की। जो भी स्कूल में करवाया जाता था, उसे वह घर आकर जरूर रिवाइज करती थी। एग्जाम के दिनों में रात को पढ़ती थी। पेरेंट्स ने भी काफी मोटिवेट किया। वह मोबाइल भी एग्जाम के दिनों में इस्तेमाल करती थी। मनोरंजन के लिए सोशल मीडिया इस्तेमाल किया।
मेडिकल : देर रात तक पढ़े
आर्मी पब्लिक स्कूल कैंट के समन्यु डिमरी ने बताया कि उनके पिता विकास डिमरी आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं और मां समिता भी नौकरी करती हैं। उसने थोड़े दिन पहले ही नीट का एग्जाम दिया। वह डॉक्टर बनना चाहते हैं। उसके साथ ही 12वीं परीक्षा की भी तैयारी की। नीट की तैयारी के दौरान जो नोट्स बनाए थे, उनसे भी 12वीं परीक्षा की तैयारी करने में काफी मदद मिली। रात के समय में वह पढ़ाई के लिए समय निकालते थे और जो स्कूल में पढ़ाया जाता था, उसकी रिविजन करते थे। परीक्षा के आखिरी दिनों में रेगुलर तैयारी की। स्कूल टीचर्स की भी मदद ली। जो नोट्स बनाए गए थे।
नॉन मेडिकल : प्री-बोर्ड में अच्छे अंक नहीं आए तो गलती को सुधारा
आर्मी पब्लिक स्कूल कैंट की प्रगति सेजवार ने फिजिक्स में 96, कैमेस्ट्री में 99, मैथ में 99, आईटी में 98, इंग्लिश में 98 अंक हासिल किए। प्रगति ने बताया कि उसके पिता धीरज सिंह आर्मी में कर्नल हैं। माता डॉक्टर पूनम सिंह वायु रक्षा आर्मी प्री प्राइमरी स्कूल में प्रिंसिपल हैं। अब वह ग्रैजुएशन करेंगी। वह आईएएस ऑफिसर बनना चाहती हैं। उसने सेल्फ स्टडी के साथ ही स्कूल टीचर व यू-ट्यूब से पढ़ाई की। उसके जब प्री-बोर्ड में अच्छे अंक नहीं आए तो उन गलतियां को सुधारा और सैंपल पेपर सॉल्व किए। दिमाग को फ्रैश रखने के लिए योग करती थी। कोई चीज समझ नहीं आती थी तो स्कूल टीचर्स ने क्लीयर की।
ऑटर्स : स्कूल टीचर्स ने गाइड किया
सिटी पीकेआर जैन पब्लिक स्कूल की मिनिशा ने ऑटर्स में 97 प्रतिशत अंक हासिल किए। मिनिशा के पिता पवन कुमार बिजनेस करते हैं और मां ज्योति गृहिणी हैं। मिनिशा ने बताया कि वह लॉ करेंगी। उन्हें इन्वेटिगेशन करना अच्छा लगता है। उन्होंने बताया कि उसने कोई ट्यूशन नहीं रखी बल्कि स्कूल टीचर्स की गाइडेंस से पढ़ाई की। एनसीईआरटी की किताबें पढ़ी और सिलेबस को बार-बार रिवाइज किया। परीक्षा से एक महीने पहले सिलेबस को रिवाइज करना शुरू किया। परिवार ने भी हमेशा स्पोर्ट किया। कभी कोई प्रैशर नहीं किया।