मुलाना। शाहबाद रोड पर मनका-मनकी चौक के पास शनिवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक भोगपुर गांव, यमुनानगर निवासी 22 वर्षीय हर्ष कुमार है। हर्ष शाहबाद स्थित सातविक सोलर पैनल कंपनी में कार्यरत थे। वह सुबह पांच बजे बाइक पर घर से शाहबाद स्थित कंपनी में ड्यूटी के लिए निकले थे। 6:30 बजे जब वह शाहबाद रोड पर मनका-मनकी चौक के पास पहुंचे, तो सड़क पर बिना किसी सांकेतिक चिन्ह या रिफ्लेक्टर के खड़े ट्रैक्टर-ट्राली के पीछे उनकी बाइक टकरा गई।
हादसे के बाद राहगीरों और डायल-112 की टीम की मदद से लहूलुहान हालत में हर्ष को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के चाचा प्रवीन कुमार के बयान के आधार पर मुलाना थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और फरार ट्रैक्टर-ट्राली चालक की तलाश जारी है। संवाद