अंबाला सिटी। शहर के श्रीराधा-कृष्ण खाटू श्याम मंदिर के प्रांगण में श्री श्याम बाबा द्वादशी कीर्तन परिवार अंबाला शहर के तत्वावधान में गतरात्रि तीन दिवसीय फाल्गुन महोत्सव कार्यक्रम का बड़ी धूमधाम से भव्य समापन किया गया। इस मौके पर कीर्तन परिवार सदस्यों ने बताया कि श्री श्याम बाबा द्वादशी कीर्तन परिवार ने 100वां तीन दिवसीय फाल्गुन महोत्सव भक्तों ने मनाया।कार्यक्रम के पहले दिन मेंहदी की रस्में निभाई गई।
दूसरे दिन विभिन्न संकीर्तन मंडलियों, ढोल नगाड़ों के साथ कई बैंड टीमों की धार्मिक धुनों के साथ विशाल निशान यात्रा निकाली गई। जिसमें भगवान खाटू श्याम बाबा की सुंदर पालकी सजाई गई। इस दौरान हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। वहीं गतरात्रि भगवान श्री खाटू श्याम बाबा का बहुत ही सुंदर दरबार सजाया गया।
जहां पर भक्तों ने लंबी कतारों में लगकर भगवान श्री खाटू श्याम के दरबार में नतमस्तक कर प्रसाद व आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में श्री खाटू श्याम की महिमा का गुणगान करने पहुंचे भजन सम्राट कपिल अग्रवाल अंबाला, भजन सम्राट अंकित शर्मा फरीदाबाद व वृंदावन धाम बरसाना से सुप्रसिद्ध भजन सम्राट पूर्णिमा (पूनम दीदी) ने भगवान श्री खाटू श्याम के भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय किया।
कार्यक्रम के समापन पर श्री श्याम बाबा द्वादशी कीर्तन परिवार के सदस्यों ने सभी भजन सम्राट एवं उपस्थित समाजसेवी सदस्यों काे स्मृति चिन्ह देकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम देर रात्रि तक जारी रहा, वहीं कीर्तन परिवार की ओर से भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।