अंबाला। दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम आने से पहले ही कैंट के दीप नगर निवासी 17 वर्षीय वंदना ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वीरवार दोपहर के समय मां एक कमरे में सो रही थी और वंदना दूसरे कमरे में थी। मां ने दोपहर करीब 2 बजे उठकर बेटी के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो कोई आवाज नहीं आई।
पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर देखा तो वंदना ने दुपट्टे से फंदा लगा रखा था। शुक्रवार को फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉक्टर से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
जैन गर्ल्स स्कूल की छात्रा थी वंदना
मृतक के पिता ओम प्रकाश ने बताया कि वंदना जैन गर्ल्स स्कूल में दसवीं की छात्रा थी। परीक्षा परिणाम आने से पहले बेटी मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। परिणाम के इंतजार में वह घर पर ही रहती थी जबकि दो बेटियां व एक बेटा स्कूल में थे। वह खुद एकता विहार चौक पर सब्जी की दुकान चलाता है। दोपहर को वह दुकान पर ही था। पत्नी दोपहर में सोने के लिए अपने कमरे में चली गई थी। इस बीच बेटी ने फंदा लगा लिया।
वर्जन
फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुक्रवार को फोरेंसिक एक्सपर्ट से पोस्टमार्टम होगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो पाएगा। परिजनों की तरफ से बताया जा रहा है कि दसवीं का परीक्षा परिणाम आना है। बेटी कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।
मोहन लाल, एएसआई, करधान चौकी अंबाला