अंबाला। ब्लाक शहजादपुर व आसपास के गांवों के लोगों में मक्खियों से दहशत है। आसपास बने पोल्ट्री फार्मों के कारण पैदा हुई मक्खियां लोगों को बीमार कर रहीं हैं, जबकि इस समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन इस बारे में निर्देश चुका है, लेकिन इसका कोई असर नहीं है। ग्रामीणों में डर है कि कहीं कोई बीमारी न फैल जाए।
ग्रामीणों में सुदेश रानी, कुसम, बबली, लाजवंती, रूलदी, सरोज बाला, सीमा, रानी ,कोमल , राजवंती, सलोचना , हंस राज, बचना राम, बलजीत, मानसिंह, अमर पाल, सुनील कुमार, गुलाब सिंह, संजीव कुमार, नाथी राम, करनैल सिंह, सुरेंद्र कुमार, ओम प्रकाश, कुलदीप सिंह, अजय कुंमार, राम कर्ण, सुंदर कुमार, श्याम लाल, मनदीप आदि का कहना है कि गांव बिलासपुर, पंजलासा, बड़ागांव, ब्राह्मणमाजरा, पंजोड़ी, लौटां इन मक्खियों के कारण बुरा हाल है। दिन में तो बैठना तक मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि पोल्ट्री फार्म संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे रोजाना स्प्रे करें, ताकि मक्खी पैदा न हो। ग्रामीणों का आरोप है कि इन पोल्ट्री फार्म के संचालकों द्वारा कुछ दिन तो स्प्रे किया जाता है, लेकिन इसके बाद फिर से यह स्प्रे बंद कर दिया जाता है। इस तरह से फिर मक्खियां पैदा होती हैं, जिससे परेशानियां बढ़ती है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर जहां प्रशासन, राज्यमंत्री के खुले दरबार, व सांसद अंबाला को कई बार इस समस्या से अवगत करवा चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। हां, प्रशासन कार्रवाई की बात तो करता है, लेकिन बार-बार निर्देश देने के बावजूद कोई राहत नहीं मिल रही है। हर बार कार्रवाई का आश्वासन देकर टरका दिया जाता है। इतना ही नहीं कई बार तो धरना प्रदर्शन तक कर लि या, फिर भी राहत नहीं मिल रही है।
रिश्तेदार भी नहीं आते
ग्रामीणों ने बताया कि गांवों के आसपास कई पोल्ट्री फार्म बन चुके हैं, जिससे परेशानियां बढ़ रही हैं। गर्मियों में तो हालात ऐसे हो जाते हैं कि बैठना मुश्किल हो जाता है। यही कारण है कि एक ओर जहां खाना बनाना और खाना दुश्वार हो गया है, वहीं रिश्तेदार भी उनके यहां आने से परहेज कर रहे हैं।
जल्द ही पोल्ट्री फार्मो की जांच करवाकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी व गांव में स्प्रे किया जाएगा। पोल्ट्री फार्म संचालकों को भी कड़े निर्देश दिए जाएंगे ताकि भविष्य में ऐसे हालात न बन पाएं।
प्रभजोत सिंह, जिला उपायुक्त अंबाला