अंबाला सिटी। जिला बार एसोसिएशन के चुनावों को लेकर वीरवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। जिसके बाद कोषाध्यक्ष पद के लिए आवेदन करने वाले अधिवक्ता का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया।एडवोकेट प्रवीन कुमार की सदस्यता पांच वर्ष पूरी नहीं हुई है। इसलिए उनका नामांकन रद्द किया गया है। अब कोषाध्यक्ष पद के लिए एक ही उम्मीदवार राकेश कुमार रह गए। जो कि बिना चुनाव के ही सीधे- सीधे विजयी हो गए हैं।
बार एसोसिएशन के चुनावों के चलते बुधवार तक विभिन्न पदों पर 23 अधिवक्ताओं के आवेदन आए थे। जिनमें प्रधान पद के लिए चार, उपप्रधान के लिए तीन, सचिव के लिए तीन, संयुक्त सचिव के लिए तीन, कोषाध्यक्ष के लिए दो, और कार्यकारी सदस्य के लिए आठ अधिवक्ताओं ने नामांकन भरा था। वीरवार को नामांकनों की छंटनी में एक अधिवक्ता का नामांकन रद्द हो गया है। शुक्रवार को उम्मीदवार नाम वापिस ले सकेंगे।
दो दिन रहेगा वर्क सस्पेंड
बार एसोसिएशन के चुनावों के चलते कोर्ट परिसर में 27 व 28 फरवरी को वर्क सस्पेंड रहेगा। एक मार्च शनिवार के बाद तीन मार्च को ही कोर्ट में काम शुरू होगा। गौरतलब है कि 28 फरवरी को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चुनाव होगा। शाम को ही परिणाम घोषित किए जाएंगे। अंबाला बार एसोसिएशन के 1199 सदस्य अधिवक्ता मतदान करेंगे।
चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वीरवार को छंटनी के बाद एक अधिवक्ता का नामांकन रद्द किया गया है। शुक्रवार को प्रत्याशी नाम वापिस ले सकते हैं।
एडवोकेट संजीव वशिष्ट, आर ओ बार एसोसिएशन चुनाव।