अंबाला सिटी। आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्य कर रहे आयुष्मान मित्रा ने वेतन वृद्धि न होने के विरोध में 16 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का एलान कर दिया है। इस संबंध में सोमवार को कर्मचारियों ने सीएमओ के नाम ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने कहा कि वर्ष सरकार और विभाग की ओर से उनके वेतन में वृद्धि नहीं की जा रही है। वह 2018 से पांच हजार रुपये मासिक वेतन में काम रहे हैं। शुरुआत में उन्हें 15 हजार रुपये वेतन देने का वायदा किया गया था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह कई बार सरकार व विभाग से गुहार लगा चुके हैं। इतना कम वेतन मिलने पर भी वर्ष 2020 में कोविड 19 के चलते कुछ आयुष्मान मित्रा कोरोना से प्रभावित होने पर भी कार्य करते रहे। वहीं जब फरवरी 2023 माह के प्रारंभ में आयुष्मान मित्रा ने पंचकूला स्थित उच्च कार्यालय में शिकायत दी। वहां से आश्वासन मिला कि फरवरी महीने के अंत तक आपको उचित वेतन देने हेतु दिशा निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। मार्च प्रारंभ होने पर भी इस ओर कोई कार्रवाई विभाग की ओर से नहीं की गई है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने 16 मार्च से हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।