- खड़गा आर्मी प्राइमरी स्कूल कैंट के छात्र हैं छह साल के अव्यान, शिक्षकों ने किया प्रोत्साहित
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। छह वर्षीय अव्यान कौशिक ने स्केट्स पहनकर बास्केटबॉल उछालने का राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उन्होंने लगातार 10 मिनट बीस सेकंड में 1055 बार बास्केटबॉल उछालकर यह उपलब्धि हासिल की। यह रिकॉर्ड इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स 2026 में दर्ज किया गया है।
अव्यान खड़गा आर्मी प्राइमरी स्कूल, कैंट के ग्रेड वन के छात्र हैं। उनकी उम्र छह वर्ष, छह माह, नौ दिन है। मूल रूप से रोहतक के रहने वाले अव्यान का जन्म 20 नवंबर 2019 को हुआ था। इस कारनामे के लिए उन्हें दुनिया के सबसे कम उम्र के बच्चों में से एक के रूप में मान्यता मिली है। रिकॉर्ड के दौरान अव्यान ने बिना रुके और बिना बास्केटबॉल गिराए, दाएं हाथ से स्केट्स पर संतुलन बनाए रखा। उन्हें संगठन की ओर से मेडल, प्रमाणपत्र, आईडी कार्ड, बैज और रिकॉर्ड की किताब प्रदान की गई।
माता-पिता बोले हर बच्चा होता है खास
अव्यान के पिता दीपक कौशिक एक सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। उनकी माता शिल्पा रेलवे विभाग में कार्यालय अधीक्षक हैं। उन्होंने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। माता-पिता ने कहा कि हर बच्चा खास होता है, बस जरूरत है उसके हुनर को पहचानने और सही दिशा देने की। उन्होंने आगे कहा कि अव्यान ने सिखाया है कि उम्र सिर्फ एक संख्या है, यदि हौसला बुलंद हो तो कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं।
स्केटिंग स्टार कहकर पुकारते हैं शिक्षक
अव्यान की इस उपलब्धि में खड़गा आर्मी प्राइमरी स्कूल के स्केटिंग शिक्षक जसप्रीत का विशेष मार्गदर्शन रहा। उन्होंने अव्यान को लगातार प्रोत्साहित किया। स्कूल के प्रिंसिपल और अन्य शिक्षकों ने भी इस नन्हे खिलाड़ी को सहयोग दिया। अब लोग अव्यान को स्केटिंग स्टार या बास्केटबॉल बॉय कहकर पुकार रहे हैं।