अंबाला। वाहन की टक्कर से नेशनल हाइवे नंबर 44 पर ऑटो पलट गया और इसमें सवार चालक की नीचे दबने से मौत हो गई। हादसा अंबाला कैंट से सिटी के रास्ते पर वीरवार रात को हुआ। पुलिस ने मृतक राजकुमार के पिता खतौली गांव निवासी देशराज की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
देशराज ने बताया कि 13 नवंबर को सुबह लगभग आठ बजे उनका बेटा राजकुमार ऑटो लेकर रोजाना की तरह घर से अपने काम पर निकला था। रात लगभग 9:30 बजे उन्हें सिटी के नागरिक अस्पताल से फोन आया कि राजकुमार की अंबाला कैंट से सिटी की तरफ आते हुए एनएच-44 पर सड़क हादसे में मौत हो गई है। सूचना पाकर जब वह अन्य परिजनों के साथ नागरिक अस्पताल में पहुंचे तो यहां उनके बेटे राजकुमार की लाश मोर्चरी में रखी हुई देखी, इसके बाद उन्होंने हादसे वाली जगह का भी मुआयना किया।