अंबाला सिटी। खतौली गांव के मोड़ पर स्थित निराकारी जागृति मिशन आश्रम और आदि शक्ति ज्वाला मठ में चोरों ने सेंध लगाने की कोशिश की लेकिन कुत्तों के भौंकने के कारण वो अपने इरादे में सफल नहीं हो पाए। घटना 24 जनवरी की रात को लगभग 3 बजकर 25 मिनट पर हुई। यह पूरी घटना आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसमें दो नकाबपोश व्यक्ति आश्रम में घुसते नजर आ रहे हैं, जोकि कुछ समय बाद वापिस चले जाते हैं। मामले की शिकायत पुलिस को देकर सुरक्षा की गुहार लगाई गई है।
आश्रम के महात्मा जसपाल गिरि सहित निराकारी जागृति मिशन के गद्दीनशीन चेयरमैन और संत सुरक्षा मिशन भारत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिव्य ज्ञान रत्न श्री श्री1008 महामंडलेश्वर एडवोकेट स्वामी ज्ञान नाथ ने बताया कि घटना के तुरंत बाद मौके पर पुलिस को बुलाया गया और उन्होंने निरीक्षण के बाद उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी दो मई 2022 को आश्रम में डकैती डाली गई थी और इस दौरान पांच हथियारबंद व्यक्ति दोनों आश्रमों से सोने-चांदी के गहने और नकदी चुराकर ले गए थे लेकिन दो साल बाद भी आश्रम को सुरक्षा मुहैया नहीं करवाई गई है। इसलिए दोबारा एसपी से सुरक्षा की मांग की गई है।