संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला/शहजादपुर। जिले के शहजादपुर, तोपखाना बाजार और पड़ाव थाना क्षेत्रों में रंजिश के कारण मारपीट और जानलेवा हमले की तीन अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं। जमीनी विवाद, पुरानी रंजिश और कहासुनी को लेकर हुए इन हमलों में कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों पर लोहे की रॉड, लाठियां, गंडासी, तलवार और चाकू से वार किए गए।
इसके अलावा हमलावरों ने घरों पर पथराव, गाड़ियों में तोड़फोड़ और नकदी की चोरी की वारदात को भी अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों मामलों में शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में शहजादपुर के रछेडी गांव में मुस्तरका (साझा) जमीन के रास्ते की तकसीम व इंतकाल को लेकर चल रही रंजिश में आधा दर्जन लोगों ने खेत में काम कर रहे किसान पर हमला कर दिया।
पीड़ित जसविंदर सिंह (59) ने बताया कि 2 नवंबर को सुबह 11 बजे वे अपने खेत (खसरा नं. 201) में काम कर रहे थे। तभी गांव के ही अरविंद सिंह उर्फ बिट्टू, जसविंदर सिंह उर्फ सीटी, वरिंदर सिंह उर्फ बिंदर, सिकंदर सिंह, अमरिंद्र सिंह उर्फ गोल्डी और गुरविंद्र सिंह उर्फ छोटू हाथों में लाठियां व लोहे की रॉड लेकर बाइकों पर आए। आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। उनके विरोध करने पर हमला कर दिया। इस दौरान उसकी बाईं बाजू टूट गई।
बचाव में आए उनके भाई सुखजिंदर सिंह और बिछा राम पर भी हमलावरों ने मारपीट की। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। जांच अधिकारी मुख्य सिपाही रामकरण ने बताया कि एमएलआर रिपोर्ट के आधार पर दंगा, मारपीट, भीड़ की सामूहिक जिम्मेदारी और धमकियों से जुड़ी धारा 191(2), 190, 117(2), 115(2), 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
-
रास्ता रोककर किया हमला
कैंट के तोपखाना बाजार पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले आनंद नगर बी (बोह रोड) में दबंगों ने परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित भरत भूषण शर्मा ने बताया कि 7 नवंबर की शाम करीब 4:45 बजे वे अपनी मौसी आशा सिंगला के घर के पास पहुंचे तो बब्बर और उसकी पत्नी सिमरन उर्फ रानी ने उनका रास्ता रोककर मारपीट की। जब मौसी और मां छुड़ाने आईं तो उन्हें भी पीटा गया। इसके बाद बब्बर और उसका बेटा आनंद घर से तलवार व गंडासी लेकर आ गए। पीड़ितों ने भागकर घर में पहुंचकर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने तलवार व गंडासी से लोहे के मेन गेट पर ताबड़तोड़ वार किए व बाहर लगी लड़ियां और एक्टिवा स्कूटी को तोड़ दिया और उसकी डिग्गी में रखे 25 हजार रुपये नकद चुराकर ले गए। जांच अधिकारी एएसआई मंजीत सिंह ने बताया कि चोट पहुंचाना, गलत तरीके से रोकना, आपराधिक धमकी, संपत्ति को नुकसान, सामान्य आशय व चोरी की धारा 115(2), 126(2), 351(2), 324(4), 3(5), 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज जांच शुरु कर दी है।
-
सब्जी विक्रेता पर चाकू से वार
कैंट के पड़ाव थाना क्षेत्र के हुड्डा कॉलोनी (सेक्टर-34) में सब्जी बेचने वाले एक युवक पर चार भाइयों ने मिलकर चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित सोनू निवासी आशियाना फ्लैट्स ने बताया कि दो-तीन दिन पहले आरोपी कैलाश उसके भांजे के साथ गाली-गलौज कर रहा था, जिसे उसने छुड़वाया था। इसी रंजिश के तहत 7 नवंबर की शाम 7 बजे जब सोनू सब्जी बेचकर लौट रहा था, तो पार्क के पास कैलाश, शुभम, सुखलाल और नने ने उसका रास्ता रोक लिया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में पीड़ित के भाई मनीष और भाभी मुन्नी ने उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़ाकर कैंट के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जांच अधिकारी मुख्य सिपाही सोहन लाल ने बताया कि चोट पहुंचाना, गलत तरीके से रोकना, मानव वध करने का प्रयास, सामान आशय व आपराधिक धमकी की धारा 115(2), 126(2), 110, 3(5), 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।