संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। बलदेव नगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक मोबाइल रिपेयर की दुकान पर मारपीट हो गई। प्रेम मंदिर के पास दुकान बंद कर रहे युवक पर नशे में धुत दबंगों ने हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके वकीलों और साथियों पर भी डंडों व रॉड से हमला किया गया। इसमें दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
नागरिक अस्पताल में घायलों की मेडिकल रिपोर्ट और सीटी स्कैन के आधार पर थाना सिटी पुलिस ने मुख्य आरोपी अजीत पाल उर्फ सोनू समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस को दिए बयान में बलदेव नगर निवासी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उनके भाई प्रिंस पाल की प्रेम मंदिर के सामने मोबाइल रिपेयर की दुकान है। आरोपी अजीत पाल उर्फ सोनू अक्सर दुकान के सामने आकर शराब के नशे में गालियां देता और धमकियां देता था। इसको लेकर पहले भी पंचायत में समझौता हुआ था, लेकिन आरोपी रंजिश मान रहा था। गत 30 अक्तूबर की रात करीब 9:15 बजे जब प्रिंस पाल दुकान बंद कर रहा था, तब अजीत पाल ने फिर से गालियां देनी शुरू कर दीं। सूचना पाकर गुरप्रीत सिंह अपने भाई हरप्रीत सिंह और साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद बाबा भोला, बब्बर, सन्नी, बंटी और मंदीप ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस मारपीट में हरप्रीत सिंह और गुरप्रीत सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे हरप्रीत बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े। घायलों को तुरंत सिटी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने घायलों की एमएलआर और रिपोर्ट मिलने के बाद अजीत पाल उर्फ सोनू, बावा, बब्बर, भोला, बंटी, मंदीप और सन्नी के खिलाफ अवैध जमाव 190, घातक हथियारों से चोट पहुंचाना 115(2) व आपराधिक धमकी की धारा 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।