अंबाला सिटी। बाल सुधार गृह में खाने को लेकर एक बार फिर बवाल हुआ। हत्यारोपी बालबंदी पर उसके दो साथियों ने कीलनुमा चीज से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। आरोपितों ने हत्यारोपी बाल बंदी की कमर और चेहरे पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। घायल को सिटी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बाल सुधार गृह के हेड वार्डर रामरत्न ने चौकी नंबर पांच में शिकायत दी। इसी आधार पर कोतवाली थाने में दो बाल बंदियों के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई। पुलिस आरोपियों को प्रोडेक्शन वारंट पर लेकर मामले की तफ्तीश करेगी। वहीं सुधार गृह में सूए जैसे नुकीली चीज कैसे पहुंची यह भी जांच की जाएगी।
इस तरह हुई वारदात
जानकारी के अनुसार बाल सुधार के अधीक्षक कुछ दिनों से छुट्टी पर हैं। जेल का कार्यभार हेडवार्डर रामरत्न संभाल रहे हैं। रामरत्न ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब आठ बजे एक बालबंदी उनके पास आया। यह बालबंदी कैथल में हुई हत्या के मामले में यहां बंद है। उसके कपड़ों पर खून लगा था। उन्हें बताया कि उसके साथ बंद दो अन्य सहयोगियों ने उसकी कमर व चेहरे पर सूए से वारकर उसे घायल कर दिया। हेडवार्डर ने सहयोगी रवि के साथ मिलकर उसे अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल रिपोर्ट में तीन चोटें लगी बताई गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खाने को लेकर बालबंदियों में विवाद हुआ।
14 अप्रैल को हो चुकी बड़ी वारदात
14 अप्रैल को अंबाला के ही बाल सुधार गृह में बाल बंदियों ने जमकर हंगामा किया था। इस मामले में पुलिस ने आते ही उत्पात मचाने वाले बाल बंदियों के साथ उनके साथ खड़े अन्य बाल बंदियों पर भी लाठियां तक बरसा दी थीं।। घटना में 20 बाल बंदियों को चोटें आईं थीं। इस दौरान बाल सुधार गृह में टीवी को लेकर विवाद हुआ था।
खाने को लेकर विवाद होना बताया जा रहा है। लेकिन सही कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे। आरोपियों को प्रोडेक्शन वारंट पर लाने के बाद आरोपी बंदियों से पूछताछ की जाएगी।
- अजैब सिंह, इंस्पेक्टर, कोतवाली थाना।