अंबाला। गांव धनौरा में हुए सरपंच चुनावों से चली आ रही रंजिश के चलते करीब 17 लोगों ने मोटरसाइकिल सवार किसान पर हमला कर दिया। पुलिस ने घायल रामचंद्र की शिकायत पर पूर्व सरपंच सुखबीर सिंह, उत्तम, पुनीत, स्वर्ण कुमार, संदीप, प्रदीप, शुभम, विकास, गोविंद, रितेश, विक्रम, इकबाल, संजय, मनू, गोल्डी, शुभम, राजपाल पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गांव धनौरा निवासी रामचंद्र ने बताया कि 16 जून को वह मोटरसाइकिल पर घर से खेत जा रहा था। वह पूर्व सरपंच के घर के पास पहुंचा तो गली में खड़े करीब 17 लोगों ने रोकने का प्रयास किया। वह उनसे बचने के लिए मोटरसाइकिल पर भागने लगा तो पुनीत ने कार आगे लगाकर अचानक दरवाजा खोल दिया और वह नीचे गिर गया। इतने में कार में से डंडे निकालकर हमला कर दिया।
मारपीट के बाद शोर मचाया तो आसपास के लोगों के जमा होने पर हमलावर फरार हो गए। जाते समय मोबाइल लेकर गए और जान से मारने की धमकी दी। भाई उसे उपचार के लिए सीएचसी मुलाना लेकर पहुंचे। वहां से सिटी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घायल ने बताया कि पंचायती चुनाव के समय से ही पूर्व सरपंच से रंजिश चली आ रही है। विजेता सरपंच का साथ देने पर यह रंजिश बढ़ती गई।