अपने दोस्त के साथ खेतों में ट्यूबवेल पर बिछाई गई चारपाई पर बैठे कपड़ा कारोबारी पर शुक्रवार को गांव ठरवा के दो व्यक्तियों व उनके सहयोगियों ने ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इसके बाद उन्हें नागरिक अस्पताल भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव ठरवा निवासी जगतार सिंह ने बताया कि मेरी जगतार इंटरप्राइजेज के नाम से अंबाला शहर में कपड़े की दुकान है। 7 अगस्त को शाम करीब साढ़े 6 बजे मैं अपने दोस्त कमलजीत की मोटर (ट्यूबवेल ) पर चारपाई पर बैठा था। मेरे साथ मेरा दोस्त कमलजीत व उसके चाचा का लड़का पलविन्द्र सिंह खेत में गुड़ाई कर रहे थे। इस दौरान गांव में रहने वाले मनिंद्र सिंह व गंजू और 6/ 7 मोटर साइकिलों पर 8 /10 अन्य व्यक्ति भी आ गए। उनके हाथों में लोहे की रॉड और डंडे व बिंडे थे। इन सभी ने आते ही मुझे मारना शुरू कर दिया । मेरे दोस्त कमलजीत व पलविन्द्र सिंह ने उन लोगों से छुड़वाने की कोशिश की लेकिन वह मारते ही रहे। इसके बाद वह सभी धमकी देकर फरार हो गए। घायलावस्था में उसे सीएचसी चौड़मस्तपुर ले जाया गया जहां से उसे अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।