अंबाला। मंत्री जी ट्यूबवेल से तार चोरी करने वाले चोर को पकड़कर महेशनगर थाने के एएसआई राकेश को सौंपा था, लेकिन एएसआई ने बिना कार्रवाई के चोर को छोड़ दिया और जब उससे पूछताछ की तो उसने दुर्व्यवहार भी किया। यह शिकायत जब गांव रामपुर के लोगों ने हरियाणा के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को दी तो उन्होंने एएसआई को लाइन हाजिर करने के लिए एसपी को निर्देश दिए।
उन्होंने रविवार को भी सैकड़ों लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए। जनसमस्याओं को सुनने के बाद वह विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में दौरे पर निकले। इसी प्रकार गांव चंदपुरा में गृह मंत्री को जनता ने बताया कि टांगरी नदी में खासकर रात्रि के समय धड़ल्ले से अवैध माइनिंग हो रही है। इस पर मंत्री ने मौके पर ही थाने के एसएचओ को बुलाया और फटकार लगाई।
पिंजौर से आई महिला ने उसके साथ 20 लाख रुपये ठगी की शिकायत दी। उसने कहा कि डीलर ने जमीन दिलाने के नाम पर उनसे 20 लाख रुपये लिए, अब न तो जमीन की रजिस्ट्री की न ही पैसे वापस दिए। मंत्री ने मामले में पंचकूला पुलिस कमिश्नर को कार्रवाई के निर्देश दिए। पानीपत से आई आशा वर्करों ने उन्हें नौकरी से सीएमओ की ओर से निकालने की शिकायत दी, इस पर मंत्री ने मामले में जांच के निर्देश दिए। इसी प्रकार गुरुग्राम निवासी महिला ने आरोपियों पर झूठा शपथ देकर रजिस्ट्री कराने के आरोप लगाए, इस मामले की जांच के निर्देश गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर को मंत्री ने दिए। इसी तरह फतेहाबाद व्यक्ति ने परिवार सदस्य की हत्या मामले में छह वर्ष से कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की। इस पर मंत्री ने एसपी फतेहाबाद को सख्त हिदायत देते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
हाथ काटने वाला शाम तक हो गिरफ्तार
कंबासी गांव की निवासी महिला ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उसके पति से झगड़ा करके उसका हाथ काट दिया। बराड़ा थाना पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है। मंत्री ने बराड़ा थाने के एसएचओ को फोन पर फटकार लगाते हुए कहा कि आदमी का हाथ कट गया और तुम क्या कर रहे हो, शाम तक आरोपी गिरफ्तार होना चाहिए।
दिनचर्या पर असर
पत्रकारों से बातचीत करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि जनता दरबार बंद होने से कठिनाई बहुत ज्यादा हो गई है। पहले प्रदेशभर के लोगों की एक दिन शनिवार को वह समस्याएं सुनते हैं, लेकिन अब रोजाना सैकड़ों फरियादी उनके आवास पर पहुंच रहे हैं और 40 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी लाइनों में उन्हें खड़ा होना पड़ रहा है। उनके निवास पर कोई ऐसी जगह भी नहीं है कि वह लोगों को छाए में खड़ा कर सके। रोजाना लोग आ रहे हैं, इस कारण उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। उनके पास दो महत्वपूर्ण मंत्रालय है और लोगों के रोजाना आने-जाने से उनकी विभागीय कार्यों पर भी असर पड़ा है।