अंबाला सिटी। आशा वर्कर्स यूनियन एवं सीटू के तत्वाधान में आशा वर्करों का धरना प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। इस मौके पर आशा वर्कर्स यूनियन की प्रधान कविता ने बताया कि सभी आशा वर्कर जनून के साथ धरना प्रदर्शन कर रही हैं। इसी क्रम में 25 सितंबर को जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गिरफ्तारी करने के नाम पर वर्करों को डराया जा रहा है। मगर आशा वर्करों के हौसले पूरी तरह से बुलंद हैं। वह सरकार की जन विरोधी नीतियों की जनता में पोल खोलने का अभियान ओर ज्यादा तेज कर रही हैं। मंगलवार को अंबाला सिटी अनाज मंडी सहित शहजादपुर, बराड़ा, माजरी व बोह आदि स्थानों पर आशा वर्कर प्रदर्शन करेंगी। अगर सरकार ने आशा वर्करों की मांगों पर संज्ञान नहीं लिया तो वह आगामी 25 सितंबर को जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगी। इस दौरान सीएचसी शहजादपुर से स्नेह लता, सुषमा, रजनी बाला, सुनीता, सीएचसी बराड़ा से रंजीत कौर, मुलाना से ममता, चोड़मस्तपुर से बॉबी, अमृतपाल कौर आदि ने भी आशा वर्करों में जोश भरने का कार्य किया।