अंबाला सिटी। शहर के एसए जैन विजय वल्लभ पब्लिक स्कूल प्रांगण में कलाधारा ग्रुप के कलाकारों ने लघु नाटिका कर अभिनय का प्रदर्शन किया। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी पारुल नागपाल, विशिष्ट अतिथि विनय कुमार मल्होत्रा और विद्यालय प्रधानाचार्या रुचिका भूटानी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके बाद महाकवि भास की ओर से करीब साढ़े तीन हजार वर्ष पूर्व लिखा नाटक मध्यम व्यायोग का प्रदर्शन किया। यह नाटक अभिनय की फिजिकल फॉर्म छाऊ के साथ प्रस्तुत किया। इस नाटक में भीम और उसकी पत्नी हिडिंबा एवं पुत्र घटोत्कच के साथ एक लंबे अंतराल के बाद किस प्रकार उनकी मुलाकात हुई। इसके विषय में बनाया गया है।।जिसमें भीम और पुत्र घटोत्कच की उठापटक देखकर बच्चों में खूब हंसी की लहर दौड़ पड़ी।
मुख्य अतिथि समाजसेवी पारुल नागपाल और विशिष्ट अतिथि विनय कुमार मल्होत्रा ने कलाकारों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कलाधारा ग्रुप अंबाला का एकमात्र ऐसा ग्रुप है, जो बिना किसी स्वार्थ के नवीन कलाकारों और कल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने वाले नवीन छात्रों को निस्वार्थ होकर मंच और उत्तम शिक्षा प्रदान कर रहा है।
स्कूल प्रधानाचार्या रुचिका भूटानी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शन करने का मंच तो मिलता ही है, साथ ही साथ जो दशकों में कुछ ऐसे लोग होते हैं, जिनके मन में कहीं न कहीं कोई कला जन्म लेती है, उन्हें भी प्रेरित होकर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। नाटक में तुषार ने भीम, अंकुश ने घटोत्कच, सूची ने हिडिंबा, कार्तिक ने वृद्ध ब्राह्मण, मनीष, रॉबिन और यश ने ब्राह्मण पुत्र और शिवानी ने वृद्ध ब्राह्मणी एवं दिवस और अनुज ने सूत्रधार की भूमिका निभाते हुए समा बांधा। म्यूजिक और मंच संचालक अभिषेक निगम ने किया।
कलाधारा ग्रुप से करण ने बताया कि 20 दिवसीय वर्कशाप में झारखंड से छाऊ नृत्य के स्पेशलिस्ट गोविंद महातो ने बच्चों को छाऊ बेसिक की ट्रेनिंग देने के साथ-साथ इस नाटक का निर्देशन भी किया। उन्होंने बताया संस्थापक अध्यक्ष अंकुर मिश्रा की देखरेख में कलाधारा ग्रुप हरियाणा के साथ उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, और मुंबई जैसे बड़े क्षेत्र में भी सराहनीय कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में रजनीश राणा, अजय अग्रवाल, हितेश जैन, अंशुल जैन, मानसी गुप्ता और मनीषा उपस्थित रहे।