अंबाला। बसपा की टिकट पर कैंट विधानसभा से चुनाव लड़ चुके राजेश चनालिया व उसकी मां कमलेश को पुलिस ने फिर गिरफ्तार कर लिया है। इस बार कैंट पुलिस ने एक महिला को नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में काबू किया गया है। इससे पहले भी आरोपी ऐसे ही मामलों में पकड़े जा चुके हैं।
दरअसल सहारनपुर के गांव हमैहटा की रहने वाली रेखा ने आरोपी राजेश चनालिया के साथ उसकी मां कमलेश, पिता सुरेश कुमार पत्नी ममता भाई सुरेंद्र कुमार व रिश्तेदार अशोक कुमार पर साजिशन धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। उसका आरोप था कि सभी आरोपियों ने मिलकर उसे एमईएस में नौकरी दिलाने का लालच दिया था। इसके बाद आरोपियों ने उससे पांच लाख रुपये हड़प लिए। रेखा ने बताया था कि नवंबर 2018 में उसकी मुलाकात गांव खेलन में रस्म पगड़ी कार्यक्रम में कमलेश से हुई थी। तब उसने कहा था कि वह एमईएस में हेडक्लर्क है। उसकी भी एमईएस में वह नौकरी लगवा सकती है।
2 लाख लेकर दिया फर्जी नियुक्ति पत्र
रेखा ने बताया कि जुलाई 2019 में कमलेश ने दो लाख रुपये देकर उसे फर्जी नियुक्ति पत्र देकर बचे तीन लाख रुपये दस दिन में देने की बात कही थी ताकि उसे ड्यूटी पर तैनात किया जा सके। इसके बाद उसे आईकार्ड देकर ड्यूटी ज्वाइन करने की बात कही गई। तीन लाख रुपये लेने के बाद आरोपियों ने उसे एमईएस ऑफिस के पास बुलाया था। तब उसने अपने पति सुरेश कुमार को कर्नल व बेटे राजेश चनालिया को उसका चालक बताया था। फर्जी आई कार्ड देकर उसकी पब्लिक बूथ पर अपने साथ एक रजिस्टर में कई दिन हाजिरी लगाती रही। बाकायदा आरोपियों ने अपने पास से उसे एक महीने का वेतन 22500 रुपये भी दिया था। कमलेश कई दिन तक उसकी दूसरे लोगों के साथ एमईएस के पास हाजिरी लगाती रही। बाद में उसे आरोपियों की ठगी के राज का पता चला। रेखा का आरोप है कि जब उसने आरोपियों से अपने पांच लाख रुपये मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही झूठे केस में फंसाने की भी बात कही।