अंबाला सिटी। जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स ( एक्यूआई) दिवाली के दो दिन बाद बढ़ गया। मंगलवार को एक्यूआई 112 से बढ़कर 142 पर पहुंच गया। हवा में प्रदूषण बढ़ते ही शहर में दिन में स्मॉग छाया रहा। सुबह से शाम तक आसमान में स्मॉग दिखा। अंबाला-दिल्ली हाईवे पर सड़क पर जाते वाहन दूर से साफ दिखाई नहीं दे रहे थे।
हवा में प्रदूषण को साफ देखा जा सकता था। शाम होते ही स्थिति ज्यादा खराब हो गई। स्ट्रीट लाइट जगते ही लाइटों के उजाले में प्रदूषण साफ दिखा। वहीं, हवा में प्रदूषण होने से दिन में धूप भी कम रही। दिवाली पर शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में खूब पटाखे फूटे। आधी रात में भी शहर व ग्रामीण एरिया में आतिशबाजी व पटाखों से हवा प्रदूषण हुआ। हालांकि प्रदेश के दूसरे जिलों से अंबाला का एक्यूआई बेहतर स्थिति में हैं। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार 15 नवंबर तक मौसम खुश्क रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।