संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। 79वें वार्षिक अंतरराष्ट्रीय निरंकारी संत समागम में शामिल होने वाले देशभर के श्रद्धालुओं को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। श्रद्धालुओं की सुविधा और संभावित भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने समालखा के भोडवाल माजरी स्टेशन पर 68 ट्रेनों के अस्थायी ठहराव को मंजूरी दी है।
आगामी 1 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक इन ट्रेनों का स्टेशन पर दो-दो मिनट का ठहराव रहेगा। इससे श्रद्धालुओं को संत समागम स्थल तक पहुंचने के लिए रेल यात्रा में सुविधा मिलेगी।
इन प्रमुख ट्रेनों को मिलेगा ठहराव
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जम्मू मेल, उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, जन शताब्दी एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस और मुंबई-अमृतसर-मुंबई एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनों के समय में अस्थायी बदलाव किया गया है।
इनमें ट्रेन नंबर 20433/20434 जम्मू मेल, 12445/12446 उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, 12715/12716 सचखंड एक्सप्रेस, 12057/12058 जन शताब्दी एक्सप्रेस, 11077/11078 झेलम एक्सप्रेस और 11057/11058 मुंबई-अमृतसर-मुंबई एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसके अलावा ट्रेन नंबर 11841/11842, 11905/11906, 12217/12218, 13051/13052, 12413/12414, 12449/12450, 12471/12472, 12473/12474, 12475/12476, 12477/12478, 12483/12484, 12497/12498, 12919/12920, 12925/12926, 14217/14218, 14507/14508, 14679/14680, 15707/15708, 18101/18102, 18309/18310, 20807/20808, 20847/20848, 22401/22402, 22429/22430, 22451/22452, 22455/22456, 22685/22686 और 22709/22710 नांदेड़-अंब अंदौरा-नांदेड़ हमसफर एक्सप्रेस को भी भोडवाल माजरी स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है।
समय में मामूली बदलाव की भरपाई रास्ते में होगी
उत्तर रेलवे के प्रवक्ता हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि अस्थायी ठहराव के कारण यदि ट्रेनों के समय में मामूली अंतर आता है तो उसकी भरपाई दिल्ली मंडल में रास्ते के दौरान की जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रियों को सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संबंधित स्टेशनों और क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।