अंबाला सिटी। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में बची सीट पर नौ सितंबर से आवेदन किए जा सकेंगे। यह आवेदन 13 सितंबर तक लिए जाएंगे। 15 सितंबर को संस्थान में बची सीट पर मेरिट के अनुसार दाखिला किया जाएगा। संस्थान में प्लास्टिक इंजीनियरिंग कोर्स में 11 सीट रिक्त पड़ी हैं। इसके साथ कई कोर्स ऐसे हैं, इनमें ईडब्ल्यूएस कैटेगरी में सीट रिक्त पड़ी हैं। इसके अलावा आर्किटेक्चर कोर्स में दाखिले की अंतिम तिथि 30 सितंबर है। वहीं, कॉलेज व राजकीय आईटीआई में भी दाखिले किए जा रहे हैं। जिले के राजकीय, एडिड व सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में 12 सितंबर व राजकीय आईटीआई में 30 सितंबर तक दाखिले किए जाएंगे।
किसी विद्यार्थी ने सीट छोड़ी तो उस पर भी होगा दाखिला
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के दाखिला नोडल अधिकारी धर्मवीर सैनी ने बताया कि संस्थान में प्लास्टिक इंजीनियरिंग कोर्स में 11 सीट रिक्त रह गई हैं। इसके साथ ही कुछ कोर्स में ईडब्ल्यूएस कैटेगरी में कुछ सीट रिक्त पड़ी हैं।
वहीं, अगर किसी विद्यार्थी के कोर्स छोड़ने से कोई सीट रिक्त होती है तो ऐसी सीट पर 9 से 13 सितंबर तक आवेदन लिए जाएंगे और सोमवार को ओपन काउंसलिंग में उन सीट को भरा जाएगा।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. राजीव सपरा ने बताया कि 13 सितंबर तक अगर कोई अभ्यर्थी अपना दाखिला रद्द करवाता है और उसके परिणाम स्वरूप जो सीट खाली होंगी, उन सभी रिक्त सीटों का ब्यौरा रोजाना दाखिला सेल के बाहर लगे नोटिस बोर्ड पर देखा जा सकता है।
ऐसी सभी सीटों को 15 सितंबर को ओपन काउंसलिंग से भरा जाएगा। यह सीट उन आवेदन से भरी जाएंगी, जो अभ्यर्थी 9 से लेकर 13 सितंबर तक आवेदन करेंगे। इसके अलावा आर्किटेक्चर कोर्स को छोड़कर सभी डिप्लोमा कोर्स में दाखिला लेने की अंतिम तिथि 15 सितंबर हैं और आर्किटेक्चर में दाखिले की अंतिम तिथि 30 सितंबर है।
कॉलेज में दाखिले के लिए 4 दिन शेष
सबसे ज्यादा कॉलेजों में इस बार रिक्त सीट रह गई हैं। परंपरागत कोर्स में तो ज्यादा सीट खाली पड़ी हैं। बीबीए, बीसीए जैसे कोर्स में कम सीट बची है और बीए व बीकॉम जैसे कोर्स में कॉलेजों में काफी सीट खाली पड़ी हैं।
राजकीय काॅलेजों में रिक्त सीटों की संख्या कम है और एडिड और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में रिक्त सीटों की संख्या ज्यादा है। कॉलेजों की मांग पर उच्चतर शिक्षा विभाग ने पोर्टल को दोबारा खोला था। कॉलेजों में पांच सितंबर से दोबारा दाखिले किए जा रहे हैं। यह दाखिले 12 सितंबर तक किए जाने हैं। आवेदन लेकर मेरिट अनुसार ऑन द स्पॉट दाखिले किए जाएंगे। दाखिला के लिए सिर्फ चार दिन ही शेष हैं।
राजकीय आईटीआई में भी रिक्त पड़ी सीट
जिले में आठ राजकीय आईटीआई है। इन राजकीय आईटीआई में अभी भी सीट खाली पड़ी है। सबसे ज्यादा सीट एससीवीटी कोर्स में पड़ी हैं। इन रिक्त सीट को भरने के लिए आईटीआई में ऑन द स्पॉट दाखिले किए जा रहे हैं। यह दाखिले 30 सितंबर तक किए जाएंगे। वहीं, राजकीय महिला आईटीआई में ड्रॉफ्समैन मैकेनिकल एनसीवीटी, ड्रेस मेकिंग एससीवीटी, मैकेनिकल कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक एप्लाइंसेस एनसीवीटी, सेविंग टेक्नोलॉजी एससीवीटी, स्टेनोग्राफर और सेक्रेटेरियल असिस्टेंट अंग्रेजी एनसीवीटी, स्टेनोग्राफर और सेक्रेटेरियल असिस्टेंट हिंदी एनसीवीटी, सरफेस ओरनामेंशन टेक्नीक एनसीवीटी, बेकर और कंफेशर एससीवीटी,डेंटल लैबोरेट्री इक्विपमेंट टेक्नीशियन एससीवीटी, हॉस्पिटल हाउसकीपिंग एससीवीटी में सीट रिक्त पड़ी हैं।