अंबाला में हुई दवा विक्रेताओं की बैठक में 20 मई की हड़ताल पर मंत्रणा करते दुकानदार। प्रवक्ता
अंबाला। ऑनलाइन दवा की बिक्री पर मिलने वाली छूट से जिले के केमिस्टों में खासी नाराजगी है। उनका कहना है कि उन्हें 7 से 15 प्रतिशत लाभांश मिलता है लेकिन ऑनलाइन दवा मंगवाने पर कंपनियां 20 से 80 प्रतिशत तक डिस्काउंट दे रही हैं ऐसे में अब दवा बेचना मुश्किल होता जा रहा है।
इस समस्या के समाधान के लिए दवा विक्रेताओं ने 20 मई एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल करने का फैसला किया है। दवा विक्रेताओं का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री से उनका धंधा चौपट हो रहा है। रविवार को हरियाणा स्टेट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (एचएससीडीए) के प्रदेशाध्यक्ष मनजीत शर्मा अंबाला पहुंचे। अंबाला के रिटेल केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज गर्ग और महासचिव की अगुआई में वरिष्ठ सदस्यों की आपात बैठक बुलाई। बैठक में हड़ताल को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष मनजीत शर्मा ने सर्वप्रथम अंबाला रिटेल केमिस्ट एसोसिएशन की नवनिर्वाचित टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंबाला इकाई पूरे प्रदेश में सबसे महत्वपूर्ण और अनुकरणीय है। नई टीम में युवाओं का जोश है, जो नियमों का पालन करते हुए संगठन को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी के आह्वान पर 20 मई को पूर्ण बंद रखा जाएगा। इसी संदेश को हर यूनिट तक पहुंचाने के लिए वे प्रदेश के दौरे पर हैं।