शहजादपुर (अंबाला)। शहजादपुर बस स्टैंड के बाहर दुकानदार के कारिंदे की रोडवेज चालक से बदसलूकी ने विवाद का रूप ले लिया। अंबाला-देहरादूर राजमार्ग पर शहजादपुर में शनिवार को देरशाम विवाद हो गया।
यहां रोडवेज की बस स्टैंड से अंबाला शहर जाने के लिए स्टैंड से निकलते ही दुकान के बाहर खड़ी गाड़ियों की वजह से बस निकल नहीं पाई और जब रोडवेज बस के चालक ने गाड़ियां हटाने को कहा तो वहां एक दुकान पर काम करने वाले कारिंदे ने चालक के साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी।
मामला इतना बढ़ गया कि रोडवेज कर्मचारी एकजुट हो गए और अंबाला देहरादून राजमार्ग पर बस खड़ी कर जाम लगा दिया। इसके बाद वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी शहजादपुर सत्यभान भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने रोडवेज कर्मचारियों को मशक्कत से समझाया और जाम को खुलवाया।
गौरतलब है कि अंबाला से देहरादून को जाने एनएच 72 शहजादपुर में होकर जाता है। यहां पर बस स्टैंड के बाहर कई दुकानों पर वाहन खड़े रहते हैं जिससे अक्सर जाम के हालात बन जाते हैं। आरोप है कि दुकानदारों ने काफी अतिक्रमण भी कर रखा है। ऐसे में पिछले लंबे से समय रोडवेज चालक भी काफी परेशान हैं, क्योंकि उन्हें बस निकालने में दिक्कत होती है।वहीं रोडवेज कर्मियों का कहना था कि अगर कार्रवाई नहीं होती तो वह आगामी निर्णय लेंगे। हालांकि थाना प्रभारी ने कर्मियों को सुबह शहजादपुर थाने में बुलाया है।
गाड़ियां हटाने से शुरू हुआ विवाद
बस चालक वचन ने बताया कि बहस करते-करते कारिंदा गालीगलौच करने लगा। यहां अक्सर ऐसे ही जाम लगता है अगर हम गाड़ियां हटाने को कहें तो गालियां देने लग जाते हैं। रोडवेज कर्मियों का कहना था कि जब बस ही बाहर नहीं निकलेगी तो समय से गंतव्य तक कैसे पहुंचेंगे।
आधे घंटे लगा रहा जाम
कारिंदे के गाली देने के बाद रोडवेज कर्मी एकत्रित हो गए और बस को राजमार्ग के बीच में खड़ा कर दिया। इस कारण दोनों तरफ जाम की स्थिति बन गई। कर्मियों की मांग थी कि दुकानदारों का अवैध अतिक्रमण हटवाया जाए। इस संबंध में वह खुद भी कई बार अधिकारियों को लिखकर दे चुके हैं। मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब यह समस्या विवाद का कारण बन रही है। रोडवेज कर्मी यहां पर पुलिस के सामने अड़ गए कि जब तक दुकानदारों का अतिक्रमण नहीं हटाया जाता और अभद्र व्यवहार करने वाले के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तब तक वह राजमार्ग पर ही डटे रहेंगे। इसके बाद मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने रोडवेज कर्मियों को समझाया और जाम खुलवाया। इसके बाद सभी रोडवेज कर्मचारी बस स्टैंड प्रांगण में खड़े हो गए। जिस बसों में सवारियां बैठी हुईं थी उन्हें भी छोड़ने से मना करने लगे। मगर थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद रोडवेज कर्मी शांत हुए और बसों को गंतव्य तक लेकर गए। थाना प्रभारी ने रोडवेज कर्मियों को कहा कि आप शिकायत दें वह कार्रवाई करेंगे।