अंबाला। कैंट के चमेली पुल के निकट रहने वाले एक युवक पर कुत्तों के साथ बर्बरता करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पशु प्रेमी युवती वंशिका लांबा की तहरीर पर आरोपी भरत पर पशु को मारने या अपंग करने की धारा 325 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी, वहीं आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने मंगलवार को पशु विभाग के डॉ. राजेश बेनिवाल से पिल्ले का पोस्टमार्टम करवाया व कुतिया का मेडिकल भी करवाया गया। कैंट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर लखबीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम व मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी वंशिका लांबा ने बताया कि वह पेट इंडिया ग्रुप से जुड़ी हैं। उन्हें 2 फरवरी को इंस्टाग्राम पर सूचना मिली थी कि चमेली पुल के पास रहने वाला भरत नाम का युवक कुत्तों व कुतिया को कैद करके उनके साथ बर्बरता करता है। संवाद