अंबाला। पंजोखरा थाना क्षेत्र स्थित नारायणगढ़ रोड पर 23 जनवरी को सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के समय बुजुर्ग काम खत्म कर घर लौट रहे थे कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।
सिर व शरीर के अन्य हिस्से पर चोटें लगने के बाद बुजुर्ग गुरमीत सिंह (59) की मौके पर मौत हो गई। पंजोखरा थाना पुलिस ने मृतक के गरनाला गांव निवासी लखन सिंह की तहरीर पर अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
लखन सिंह ने बताया कि उनके पिता गुरमीत सिंह मजदूरी का काम करते थे। शुक्रवार सुबह वह साइकिल लेकर काम पर निकले थे। रात को पिता नहीं लौटे तो लगा था कि वह काम वाली जगह पर ही रुक गए होंगे।
फोन पर सूचना मिली थी कि अज्ञात वाहन की चपेट में आकर पिता की मौत हो गई थी। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। मृतक की तीन शादीशुदा बेटियां व एक बेटा है। संवाद