भारत स्काउट एवं गाइड की ओर से स्कूल प्रधानाचार्यों के लिए मोरनी हिल्स में बुनियादी स्काउटिंग प्
अंबाला सिटी। भारत स्काउट एवं गाइड की ओर से विशेष रूप से अंबाला के स्कूल प्रधानाचार्यों के लिए मोरनी हिल्स में राज्य के प्रथम बुनियादी स्काउटिंग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। जिसमें मुख्यातिथि के तौर पर जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग का उद्देश्य बच्चों में शारीरिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास के साथ-साथ अच्छे नागरिक के गुण और आत्म अनुशासन विकसित करना है। यह एक ऐसा स्वैच्छिक, गैर राजनीतिक और शैक्षिक आंदोलन है, जो युवाओं को चरित्रवान, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने पर ध्यान केंद्रित करता है।
उन्होंने कहा कि स्काउटिंग हमें अपने, औरों और ईश्वर के प्रति कर्तव्य परायण बने रहने की सीख देती है। अपने प्रति कर्तव्य का अर्थ है कि हमें हर हाल में अपने आप को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ व प्रसन्न रखना है। औरों के प्रति कर्तव्य का मतलब है कि हमें विनम्रता के साथ सदा दूसरों की सेवा एवं सहायता करने के लिए तत्पर रहना है और इसी प्रकार ईश्वर व प्रकृति के प्रति कर्तव्य परायण होने का अर्थ है कि हमें ईश्वर के जीवों के प्रति दया भाव रखते हुए प्रकृति की स्वच्छता, सुंदरता और उसके पर्यावरण को बनाए रखना है।
स्कूल प्रधानाचार्यों को प्रशिक्षण देने के लिए विशेष रूप से पहुंचे भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य प्रशिक्षण आयुक्त लक्ष्मी वर्मा ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा के आग्रह पर भारत स्काउट एवं गाइड की ओर से स्कूल प्रधानाचार्यों के लिए पहली बार स्काउटिंग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण शिविर में 60 स्कूलों के प्रधानाचार्य और छात्र स्काउटिंग का बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। उनके साथ-साथ राज्य मुख्यालय से मुख्य लेखा अंकेक्षक आरके गुप्ता, जिला स्काउट एवं गाइड आयुक्त संजय शर्मा, मनोज कुमार, संदीप गुप्ता, सद्दाम हुसैन, रितु यादव और शिवम भी अलग-अलग सत्रों में अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण देंगे। इस अवसर पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ज्योति रानी, उप जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार, कार्यक्रम अधिकारी रामकुमार, मान सिंह और नितिन भी उपस्थित रहे।