पंचकूला में आयोजित सब जूनियर नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक दिखाती हुई जानवी:
उगाला। पंचकूला में ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित 38वीं सब जूनियर नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उगाला गांव निवासी जानवी ने कांस्य पदक झटका है। जानवी ने यह पदक 18 किलोग्राम भार में हासिल किया। यह प्रतियोगिता 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित हुई थी।
जानवी उगाला के संत प्रेम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पांचवीं कक्षा की छात्रा है और ईगल ताइक्वांडो अकादमी में प्रशिक्षण ले रही है। कोच मंंदीप और प्रिंस ने बताया कि सब जूनियर में पहले मुकाबले में हिमाचल की खिलाड़ी तो दूसरे मुकाबले में असम की खिलाड़ी को पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई गई।
इस मुकाबले में दिल्ली की खिलाड़ी से पराजित होने के बाद जानवी को कांस्य पदक ही मिल पाया। पिता करणधीर सिंह ने बताया कि जानवी इससे पहले भी कई बार पदक हासिल कर चुकी है। नवंबर माह में आयोजित अंबाला के बांके बिहारी धर्मशाला में हुई सब जूनियर स्टेट प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया था।