अंबाला सिटी। शहर के पंचायत भवन में राजकीय औद्योगिक संस्थान में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर मुख्यातिथि के तौर पर मंडल आयुक्त गीता भारती ने रिबन काटकर महोत्सव की शुरूआत की।
पहले दिन समूह लोक नृत्य, एकल लोक नृत्य के साथ ही अन्य प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। मुख्यातिथि के पहुंचने पर राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान प्रधानाचार्य एवं जिला युवा महोत्सव के संयोजक भूपेंद्र सिंह सांगवान ने स्वागत किया।
वहीं, समूह लोक नृत्य, एकल लोक नृत्य, गैर प्रतिस्पर्धी समूह, गैर प्रतिस्पर्धी एकल की प्रस्तुति ने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव में स्कूल से लेकर कॉलेजों की टीम ने प्रतिभागिता की। वहीं, राजकीय आईटीआई में जिला विज्ञान मेला भी लगाया गया। इसमें भी समूह और एकल श्रेणी में मॉडल प्रस्तुत किए गए। इस मेले में स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपने मॉडल प्रस्तुति किए। विद्यार्थियों ने सब स्टेशन, सोलर पैनल, शौचालय, फर्नीचर संबंधित कई मॉडल प्रस्तुति किए।
समूह लोक नृत्य में राजकीय आईटीआई टीम रही प्रथम
समूह लोक नृत्य में राजकीय आईटीआई अंबाला शहर की टीम प्रथम, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल रामपुर सरसहेड़ी टीम द्वितीय, मूलचंद राजकीय आईटीआई टीम तृतीय स्थान पर रही। पीएम श्री जवाहर नवोदय की टीम को सांत्वना पुरस्कार मिला।
सोलो लोक नृत्य में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल रामपुर सरसहेड़ी से श्रद्धा प्रथम, राजकीय पीजी कॉलेज अंबाला छावनी से पायल कुमारी द्वितीय, राजकीय आईटीआई अंबाला शहर से सरयू तृतीय, मूलचंद राजकीय आईटीआई की अंजलि को सांत्वना पुरस्कार मिला।
गैर प्रतिस्पर्धी समूह में ऑर्केस्ट्रा में एसडी विद्या स्कूल प्रथम, कौड़िया में राजकीय आईटीआई अंबाला शहर द्वितीय, नृत्य में एसडी विद्यालय स्कूल तृतीय, रागिनी में राजकीय आईटीआई अंबाला शहर को सांत्वना पुरस्कार मिला।
गैर प्रतिस्पर्धी एकल में राजकीय आईटीआई अंबाला शहर से वंश प्रथम, सिमरनजीत कौर द्वितीय, लवप्रीत सिंह तृतीय रहे।
अच्छी शिक्षा व संस्कार लेकर लक्ष्यों को पूरा करने का प्रयास करना चाहिए : भारती
अंबाला मंडल आयुक्त गीता भारती ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करके आगे बढ़ना चाहिए। जो युवक अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित नहीं करेगा, वह समाज में तरक्की नहीं कर पाएगा।
अगर समाज की तरक्की नहीं होगी तो देश भी आगे नहीं बढ़ पाएगा, इसलिए युवाओं को अच्छी शिक्षा व संस्कार लेकर अपने लक्ष्यों को पूरा करने का प्रयास करना चाहिए। इस दौरान आयुक्त ने विभिन्न संस्थानों से आए छात्र-छात्राओं से अपने मन की बात को भी साझा किया।
कार्यक्रम में राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान प्रधानाचार्य एवं जिला युवा महोत्सव के संयोजक भूपेंद्र सिंह सांगवान ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि जिला स्तरीय युवा महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन आईटीआई संस्थान और पंचायत भवन में किया जा रहा है। इस दो दिवसीय युवा महोत्सव में पहले दिन 200 से ज्यादा प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। इस युवा महोत्सव का समापन 22 नवंबर को होगा और उपायुक्त पार्थ गुप्ता विजेताओं को सम्मानित करेंगे।
जिला स्तरीय युवा महोत्सव में प्रस्तुति देते कलाकार। संवाद
जिला स्तरीय युवा महोत्सव में प्रस्तुति देते कलाकार। संवाद