अंबाला स्वास्थ्य महकमे की टीम ने पटियाला के समाना में छापा मारकर वहां भ्रूण लिंग जांच करने वाले दो लोगों को काबू किया। दोनों की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। सिविल सर्जन डॉ. विनोद गुप्ता ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग अंबाला की टीम ने पटियाला जिला के समाना में कार्रवाई की। भ्रूण लिंग जांच में शामिल टेक्नीशियन अनूप सिंह और जांच कराने आई गर्भवती लतिका को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। उप सिविल सर्जन डॉ. बीबी लाला और चिकित्सा अधिकारी डॉ. पवन चौधरी के नेतृत्व में रेड की गई।
विभाग को अंबाला के चौड़मस्तपुर क्षेत्र की आशा वर्कर से पता चला था कि शाहाबाद में लेबोरेट्री टेक्नीशियन अनूप सिंह 25 हजार रुपये लेकर गर्भवती महिलाओं की भ्रूण जांच करवाता है। एक गर्भवती महिला को भ्रूण जांच के लिए नकली मरीज के रूप में तैयार किया और इस घटना में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए डा. बीबी लाला, डा. पवन चौधरी व धर्मवीर की टीम का गठन किया।
अनूप सिंह नकली मरीज व आशा कार्यकर्ता को लेकर शंभू बैरियर पहुंचा और यहां पर उसने एक अन्य दंपति लतिका और अश्वनी को दूसरी कार में बुलाया और अपनी कार आगे लगाकर उन्हें पीछे आने के लिए कहा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम कुछ दूरी बनाकर अनूप सिंह की कार का पीछा कर रही थी। इस पूरी घटना की जानकारी उपायुक्त अशोक सांगवान को भी दी गई और उपायुक्त ने इस कार्रवाई में सहयोग के लिए पटियाला के उपायुक्त से संपर्क किया।
अनूप सिंह अपने साथ आशा वर्कर, नकली मरीज और एक अन्य दंपति को लेकर अग्रसेन चौक, समाना पहुंचा। वहां उसने एक अन्य दलाल समाना के नजदीक घग्गन निवासी मेजर सिंह को बुलाया। यहां से अनूप सिंह और मेजर सिंह नकली मरीज व एक अन्य महिला को मोटरसाइकिल पर बिठाकर धरम नर्सिंग होम लेकर गए और वहां पर एक पोर्टेबल मशीन से दोनों महिलाओं की भ्रूण लिंग जांच की गई। एक घंटे के बाद जैसे ही ये लोग वापस आए तो स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से अनूप सिंह और लतिका को पकड़ने में सफलता प्राप्त की जबकि मेजर सिंह भागने में सफल रहा।