उपमंडल बराड़ा के गांव सीरसगढ़, दोसड़का की होनहार बेटी अंशु चौहान सुपुत्री नेत्रपाल राणा को मध्य प्रदेश में सिविल जज के पद पर नियुक्ति मिली है। इस समाचार से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
अंशु चौहान ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों के त्याग, अध्यापकों के मार्गदर्शन व भगवान की कृपा को देते हुए इसे एक संयोग बताया। अंशु के पिता नेत्रपाल राणा ने कहा कि आज बेटियां किसी से कम नहीं हैं।
हर परिवार की लड़की अंशु जैसा मुकाम हासिल कर सकती है, लेकिन हमें अपनी सामाजिक सोच में परिवर्तन करना होगा। उन्होंने बताया कि बुधवार को अंशु एंजल्स पब्लिक स्कूल बराड़ा में पहुंची जहां उसने अपने अध्यापकों के पांव छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
स्कूल अध्यापिका कोमल शर्मा के अनुसार अंशु स्कूल की होनहार छात्रा के अतिरिक्त प्रभावशाली वक्ता, सफल खिलाड़ी, स्टेज संचालिका एवं हर क्षेत्र में अग्रणी रही है। सिविल जज की परीक्षा में भी उसने प्रथम प्रयास में 14वां स्थान प्राप्त कर अपने अभिभावकों, स्कूल व क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अंशु ने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल स्टाफ, शिक्षा की गुणवत्ता, अच्छे संस्कार व उचित मार्गदर्शन को दिया। स्कूल प्रबंधक समिति की चेयरमैन पुष्पा तेजपाल, प्रबंधक पुष्पेंद्र राणा, प्राचार्या वीना मेहता आदि ने अंशु को सम्मानित कर उसके उज्ज्वल भविष्य एवं सफलता की कामना की।